अंजलि अरोड़ा की ‘श्री रामायण कथा’ का टीजर रिलीज: फिल्म में कौन निभा रहा है ‘राम’ और ‘लक्ष्मण’ का किरदार?

देशभर में इन दिनों धार्मिक और पौराणिक विषयों पर आधारित फिल्मों का दौर चल रहा है। एक तरफ जहां निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित 4000 करोड़ के बजट वाली 'रामायण' चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर अंजलि अरोड़ा की आगामी फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा- श्री राम की' (Mahakavya Shri Ramayan Katha- Shri Ram Ki) का टीजर भी रिलीज कर दिया गया है। अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म का टीजर सामने आने के बाद से सोशल मीडिया पर इसकी स्टार कास्ट को लेकर जबरदस्त चर्चा छिड़ गई है।
फिल्म में कौन निभा रहा है भगवान राम का किरदार?
अंजलि अरोड़ा की इस फिल्म में भगवान श्रीराम के मुख्य किरदार में अभिनेता देव शर्मा (Dev Sharma) नजर आने वाले हैं। देव शर्मा पहले भी बॉलीवुड की कई फिल्मों और प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2014 में आई फिल्म 'यारियां' से की थी, जिसमें हिमांश कोहली और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में थे।
इसके अलावा देव शर्मा 'हिरोपंती', 'भवानी माणी तेसन', 'मुजफ्फरनगर' और 'दोस्ती जिंदाबाद' जैसी फिल्मों में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है और इंस्टाग्राम पर उन्हें पांच लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
लक्ष्मण के किरदार में दिखेंगे शील वर्मा
फिल्म में भगवान राम और माता सीता के साथ-साथ लक्ष्मण के महत्वपूर्ण किरदार को लेकर भी काफी उत्सुकता है। इस महाकाव्य में लक्ष्मण की भूमिका अभिनेता शील वर्मा (Sheel Verma) निभा रहे हैं। शील वर्मा भी अभिनय की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं और इससे पहले 'गैंग्स ऑफ रायपुर' तथा 'कभी कभी इत्तेफाक से' जैसे प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं।
टीजर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
जैसे ही 'श्री रामायण कथा' का टीजर इंटरनेट पर आया, दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया पर एक वर्ग फिल्म की कास्टिंग, किरदारों के लुक्स और वीएफएक्स (VFX) को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा है और इसकी आलोचना भी हो रही है। खासकर, 'कच्चा बादाम' फेम अंजलि अरोड़ा को माता सीता के रूप में कास्ट किए जाने को लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर काफी सवाल उठाए जा रहे हैं।