अमरनाथ यात्रा 2026: पहलगाम बेस कैंप पहुंचे LG मनोज सिन्हा, बिना रजिस्ट्रेशन वाले श्रद्धालुओं के लिए जारी की बड़ी अपील

जम्मू-कश्मीर में इस साल श्री अमरनाथ जी यात्रा अपने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है. श्रद्धालुओं के भारी उत्साह के बीच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने खुद मोर्चा संभाल लिया है. रविवार को एलजी मनोज सिन्हा ने पहलगाम के नुनवान बेस कैंप का औचक दौरा कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने बताया कि पिछले 4 सालों के मुकाबले इस बार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों की सबसे भारी भीड़ उमड़ रही है.
बिना रजिस्ट्रेशन वाले यात्रियों से विशेष अपील
पहलगाम में ग्राउंड जीरो से पत्रकारों से बात करते हुए उपराज्यपाल ने एक अहम जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि इस बार भारी संख्या में ऐसे श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं जिन्होंने पहले से एडवांस रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है. एलजी सिन्हा ने सभी बिना रजिस्ट्रेशन वाले भक्तों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए वे जल्दबाजी न करें और अपनी तय तारीखों का ही इंतजार करें. प्रशासन और श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने इस बार पहले से कहीं अधिक बेहतर और पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि किसी भी शिवभक्त को परेशानी न हो.
नुनवान कैंप में 100 बिस्तरों वाला हाईटेक अस्पताल
श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. एलजी सिन्हा ने स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि नुनवान बेस कैंप में पिछले दो वर्षों से 100 बिस्तरों वाला एक आधुनिक अस्पताल चौबीसों घंटे काम कर रहा है. इस अस्पताल में रोजाना लगभग 2,500 मरीजों का इलाज और स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, जो अमरनाथ यात्रा की हाई-लेवल मेडिकल तैयारियों को साबित करता है.
सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स की हाई-लेवल बैठक
दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी देते हुए लिखा कि बैठक में तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, रहने की व्यवस्था, सुरक्षा उपाय, तत्काल रजिस्ट्रेशन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े हर छोटे-बड़े पहलू पर बारीकी से चर्चा की गई है. अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा को सबसे ऊपर रखा जाए और यात्रियों को वैध रजिस्ट्रेशन की तारीख के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए ताकि उन्हें बेस कैंप पर लंबा इंतजार न करना पड़े. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी टीम बाबा के भक्तों के लिए दिन-रात काम कर रही है.