व्यापार

आम आदमी की रसोई पर महंगाई की एक और मार: घरेलू LPG सिलिंडर ₹29 महंगा, पेट्रोल-डीजल के दाम भी आसमान पर

आम आदमी की रसोई पर महंगाई की एक और मार: घरेलू LPG सिलिंडर ₹29 महंगा, पेट्रोल-डीजल के दाम भी आसमान पर

पहले से ही लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान आम जनता को सरकार ने एक और बड़ा झटका दे दिया है। अगर आप भी घर के मासिक खर्चों को संतुलित करने की जद्दोजहद में लगे हैं, तो अब आपकी जेब पर बोझ और ज्यादा बढ़ने वाला है। घरेलू रसोई गैस सिलिंडर (LPG Cylinder) की कीमतों में एक बार फिर इजाफा कर दिया गया है। इस बार तेल कंपनियों ने सिलिंडर के दाम में ₹29 की बढ़ोतरी की है।

इस नए बदलाव के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलिंडर ₹913 की जगह ₹942 में मिलेगा। ये नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। आपको बता दें कि पिछले तीन महीनों के भीतर घरेलू गैस की कीमतों में यह दूसरा बड़ा उछाल है।

३ महीने में दूसरी बार बढ़ी कीमतें

मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है, क्योंकि लगातार बढ़ते दामों की वजह से घर का पूरा बजट गड़बड़ा गया है। इससे पहले इसी साल 7 मार्च को भी सिलिंडर के दाम में ₹60 की भारी बढ़ोतरी की गई थी। मार्च के बाद अब जून में फिर से दाम बढ़ जाने से लोगों की रसोई का खर्च काफी ज्यादा बढ़ जाएगा।

रसोई गैस की कीमतों में बदलाव: एक नजर में

आखिर क्यों लगातार महंगे हो रहे हैं सिलिंडर?

 अंतरराष्ट्रीय बाजार और वैश्विक तनाव है वजह

पेट्रोलियम उद्योग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पश्चिम एशिया (West Asia) में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मची उथल-पुथल के कारण एलपीजी (LPG) की आयात लागत लगातार बढ़ रही है। इसी बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा अब आम उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है।

मार्च में दाम बढ़ाने के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों को घरेलू सिलिंडर बेचने पर भारी घाटा उठाना पड़ रहा था। आंकड़ों के मुताबिक, इस ताजा संशोधन से पहले तक कंपनियों को हर एक सिलिंडर पर करीब ₹703 का नुकसान हो रहा था। इसी घाटे की भरपाई के लिए कीमतों को बढ़ाना जरूरी हो गया था।

आफत सिर्फ रसोई तक नहीं, पेट्रोल-डीजल भी हुआ महंगा

आम लोगों की परेशानी सिर्फ रसोई गैस तक ही सीमित नहीं है। एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी लगातार आम आदमी का तेल निकाल रही हैं। तेल कंपनियों के मुताबिक, मई के मध्य से लेकर अब तक पेट्रोल-डीजल के रेट में ₹7.50 प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है।

ईंधन के दाम बढ़ने का सीधा असर ट्रांसपोर्टेशन (माल ढुलाई) पर पड़ता है, जिससे आने वाले दिनों में फल, सब्जियां और दूध जैसी रोजमर्रा की अन्य आवश्यक वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। कुल मिलाकर, आने वाले दिन आम जनता की जेब के लिए काफी चुनौतीपूर्ण साबित होने वाले हैं।

Back to top button