इकाना स्टेडियम में आयोजित ‘हिन्दू गौरव दिवस’ पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्रद्धेय स्व. कल्याण सिंह जी को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी, इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, पद्म विभूषण श्रद्धेय स्व. कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पांचवीं पुण्यतिथि एवं हिन्दू गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के भव्य मंदिर का निर्माण श्रद्धेय कल्याण सिंह बाबूजी के त्याग, संकल्प और श्रीराम के प्रति उनकी अटूट आस्था की गौरवपूर्ण परिणति है। मुख्यमंत्री पद का त्याग कर उन्होंने जिस प्रतिबद्धता का परिचय दिया, उसने आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की देखरेख में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण पूर्ण हुआ है, जिससे देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं तथा समस्त हिन्दू समाज का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।