क्या डायरेक्टर संग अफेयर की वजह से मिला था ‘ओए ओए’ गाना? 40 साल बाद एक्ट्रेस सोनम ने खोला राज

बॉलीवुड में 90 का दशक बेहद जादुई था, जहां सिर्फ एक गाने या फिल्म से सितारे रातोंरात अर्श पर पहुंच जाते थे। ऐसा ही कुछ हुआ था मशहूर एक्ट्रेस सोनम खान के साथ, जिनकी किस्मत 1989 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'त्रिदेव' के सुपरहिट गाने 'ओए ओए' (तिरछी टोपी वाले) से रातोंरात बदल गई थी। इस गाने में वो दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के साथ थिरकती नजर आई थीं। हालांकि, इस बड़ी सफलता के साथ ही एक ऐसी अफवाह ने भी जन्म लिया, जिसने सालों तक उनका पीछा नहीं छोड़ा। अब करीब 40 साल बाद सोनम खान ने इस राज पर से खुद पर्दा उठा दिया है।
'शूटिंग के वक्त हम दोनों के पार्टनर अलग थे'
दरअसल, लंबे समय से यह अफवाह गलियारों में तैर रही थी कि 'त्रिदेव' के डायरेक्टर राजीव राय के साथ अफेयर होने की वजह से सोनम को फिल्म में बाकी हीरोइनों से ज्यादा स्क्रीन टाइम और यह मशहूर गाना मिला था। इस बात को इसलिए भी सच मान लिया गया क्योंकि आगे चलकर 1991 में दोनों ने शादी कर ली थी। लेकिन सोनम खान ने अपने इंस्टाग्राम पर गाने की एक क्लिप शेयर करते हुए इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि जब फिल्म की शूटिंग चल रही थी, तब वे दोनों किसी और के साथ रिलेशनशिप में थे। राजीव अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कमिटेड थे और सोनम का भी अपना एक बॉयफ्रेंड था, जो अक्सर सेट पर आया करता था।
डायरेक्टर तो फिल्म में कास्ट ही नहीं करना चाहते थे
सोनम खान ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि असल में निर्देशक राजीव राय उन्हें इस फिल्म में लेना ही नहीं चाहते थे। राजीव ने फिल्म 'विजय' में सोनम के कुछ सीन्स देखे थे, जो उन्हें पसंद नहीं आए थे और उन्होंने किसी दूसरी एक्ट्रेस को लगभग फाइनल कर लिया था। लेकिन जब आखिरी वक्त पर कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा, तब मजबूरी में सोनम को कास्ट किया गया। एक्ट्रेस ने साफ कहा कि न तो सेट पर कोई चोरी-छिपे कॉल्स होते थे और न ही कोई रोमांस था। उन्हें यह गाना किसी पक्षपात या मेहरबानी की वजह से नहीं, बल्कि सिर्फ उनके काम की वजह से मिला था। दोनों के सिंगल होने के बाद फिल्म रिलीज के काफी समय बाद उन्होंने डेटिंग शुरू की थी।
सिर्फ 19 की उम्र में शादी और फिर शुरू हुआ संघर्ष
राजीव राय और सोनम खान ने साल 1991 में शादी की थी, जब सोनम महज 19 साल की थीं। शादी के कुछ समय बाद ही उन्होंने अपने परिवार और ऑटिस्टिक बेटे के इलाज के लिए फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया। बेटे के बेहतर इलाज के लिए उन्हें सालों तक लंदन, लॉस एंजेलिस और यूरोप के अलग-अलग देशों में भटकना पड़ा। इस कड़े संघर्ष के बीच राजीव और सोनम के रिश्ते में दरार आ गई और साल 2001 में दोनों अलग हो गए, जिसके बाद 2016 में उनका आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया। अब सोनम खान अपने बेटे के साथ वापस भारत लौट आई हैं और सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़ी हुई हैं।