गोविंदा के नकली बालों का पत्नी सुनीता ने सरेआम उड़ाया मजाक, बोलीं- ‘अब हेयर पैच लगाते हैं मेरे पति’

90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों अपने बेबाक बयानों को लेकर टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई हैं। रियलिटी शोज से लेकर पॉडकास्ट इंटरव्यूज तक, सुनीता हर जगह अपनी हाजिरजवाबी से लाइमलाइट बटोर रही हैं। हाल ही में शिल्पा शेट्टी के नए शो 'मां है ना' से चर्चा में आईं सुनीता ने एक बार फिर कुछ ऐसा कह दिया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बार उन्होंने किसी और को नहीं, बल्कि अपने पति गोविंदा के नकली बालों (हेयर पैच) को लेकर सरेआम बड़ा खुलासा कर दिया है।
तब बाल ओरिजिनल थे, अब हेयर पैच लगाते हैं चीची!
दरअसल, एक हालिया इंटरव्यू में सुनीता आहूजा ने अपने सुपरस्टार पति गोविंदा के लुक और उनके बालों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने हंसते हुए पुराने दिनों को याद किया और कहा कि जब वह गोविंदा से पहली बार मिली थीं, तब वह बेहद हैंडसम दिखते थे। सुनीता ने आगे मजाकिया अंदाज में कहा कि गोविंदा आज भी उतने ही हैंडसम हैं, बस फर्क इतना है कि तब उनके सिर पर असली (ओरिजिनल) बाल हुआ करते थे और अब वह 'हेयर पैच' का इस्तेमाल करते हैं।
'इसमें छुपाने वाली क्या बात है?' फिल्म इंडस्ट्री के खोले राज
सुनीता ने बॉलीवुड का एक बड़ा सच उजागर करते हुए कहा कि इस बारे में खुलकर बात करने में कोई बुराई नहीं है और न ही किसी को झिझक होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि फिल्म इंडस्ट्री में यह बेहद आम बात है और इसे छिपाने की कोई जरूरत नहीं है। सुनीता के मुताबिक, आज के समय में सिर्फ हीरो ही नहीं, बल्कि कई बड़ी हीरोइनें भी खूबसूरत दिखने के लिए हेयर पैच और एक्सटेंशन का इस्तेमाल धड़ल्ले से करती हैं।
कभी 'शेर' की जगह कह दिया था 'बकरी', पहले भी हो चुकी हैं ट्रोल
यह पहली बार नहीं है जब सुनीता ने गोविंदा का इस तरह मजाक उड़ाया हो। इससे पहले एक शो के इवेंट के दौरान उन्होंने गोविंदा को 'बकरी' कह दिया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया था। हालांकि बाद में सुनीता ने इस पर सफाई देते हुए कहा था, "मैं उन्हें शेर कहना चाहती थी, लेकिन गलती से मुंह से बकरी निकल गया। बाद में मुझे समझ आया कि लोग 'GOAT' (Greatest Of All Time) कहते हैं। सच तो यह है कि गोविंदा जैसा एक्टर पूरी इंडस्ट्री में न कोई हुआ है और न कभी होगा, वह सिंगल पीस हैं।"