‘जन नायकन’ की रिलीज पर चेन्नई में जश्न: विजय की विदाई फिल्म देखने उमड़े फैंस, सिनेमाघरों में ड्रोन शो और आतिशबाजी

तमिलनाडु में सुपरस्टार और मुख्यमंत्री सी. विजय जोसेफ की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' के रिलीज होते ही सिनेमाघरों में फैंस और TVK कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। इस ऐतिहासिक विदाई फिल्म का पहला शो देखने पहुंचे समर्थकों ने आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और केक काटकर जबरदस्त जश्न मनाया।
सिनेमाघरों में दिवाली जैसा माहौल, मंदिरों में प्रार्थना
रोहिणी सिल्वरस्क्रीन और वुडलैंड्स समेत राज्य भर के प्रमुख थिएटर्स में विजय के विशालकाय होर्डिंग्स और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें राज्य का "पावर सेंटर" बताया गया है। फैंस ने फिल्म की सफलता के लिए मंदिरों में खास पूजा-अर्चना की, वहीं सिनेमाघरों के बाहर ड्रोन लाइट शो और रथ जैसा वाहन तैयार कर इस पलो को यादगार बनाया गया।
खुशी और गम का मिला-जुला अहसास
लंबे इंतजार के बाद फिल्म रिलीज होने से फैंस जहां एक तरफ बेहद खुश दिखे, वहीं यह सोचकर भावुक भी नजर आए कि 'जन नायकन' थलापति विजय की आखिरी फिल्म होगी। स्क्रीन पर राजनीतिक डायलॉग्स और सुशासन का संदेश देखकर दर्शक झूम उठे, हालांकि कुछ जगहों से टिकटों की मनमानी कीमतों और कालाबाजारी की खबरें भी सामने आईं।
950 से ज्यादा थिएटर्स में शो, स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित
तमिलनाडु के करीब 1,000 सिनेमाघरों में से 950 से अधिक स्क्रीन्स पर यह फिल्म दिखाई जा रही है। राजनीतिक और सिनेमा जगत के कई बड़े चेहरों के साथ-साथ खुद मुख्यमंत्री विजय ने भी अधिकारियों के लिए रखी गई स्पेशल स्क्रीनिंग में यह फिल्म देखी, जो अब बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच रही है।