‘धरम जी की यादों के सहारे जी रही हूं…’ फिल्मों में कमबैक पर छलका Hema Malini का दर्द, बोलीं ये बड़ी बात

बॉलीवुड की 'ड्रीम गर्ल' और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी (Hema Malini) आज भी करोड़ों दिलों पर राज करती हैं। भले ही उन्होंने बड़े पर्दे से दूरी बना ली हो और वह राजनीति में सक्रिय रूप से देश सेवा कर रही हैं, लेकिन उनके फैंस आज भी उन्हें सिल्वर स्क्रीन पर देखने के लिए बेताब रहते हैं। क्या हेमा मालिनी कभी फिल्मों में वापसी करेंगी? इस सवाल पर हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अभिनेत्री ने अपने दिल की बात खुलकर रखी है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिल्मों में कमबैक पर क्या बोलीं हेमा मालिनी?
लंबे समय तक बॉलीवुड की शीर्ष अभिनेत्रियों में शुमार रहीं हेमा मालिनी की आखिरी मुख्य फिल्म साल 2020 में आई 'शिमला मिर्च' थी। जब उनसे फिल्मों में दोबारा लौटने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इसका जवाब देना थोड़ा मुश्किल है क्योंकि अब वह इस बारे में ज्यादा सोचती ही नहीं हैं। अभिनेत्री ने बताया कि वह अपनी वर्तमान जिंदगी से पूरी तरह संतुष्ट और खुश हैं। अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए लगातार काम करना और घर वापस आकर अपने बच्चों व पोते-पोतियों के साथ समय बिताना उनकी प्राथमिकता है, जिन्हें उनकी सबसे ज्यादा जरूरत है।
धर्मेंद्र की यादों और कला से जुड़ी अनकही बातें
दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) के निधन (24 नवंबर 2025) के बाद हेमा मालिनी ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए इमोशनल बातें कहीं। उन्होंने कहा कि वह आज भी धरम जी की यादों के सहारे ही अपनी जिंदगी जी रही हैं और यही यादें उनकी जिंदगी को खुशियों से भर देती हैं। इसके अलावा अपने करियर के शुरुआती दौर को याद करते हुए उन्होंने बताया कि शादी और बच्चों के बाद उन्होंने फिल्मों में काम जरूर कम किया, लेकिन कभी क्रिएटिविटी से मुंह नहीं मोड़ा। उन्होंने 'नूपुर' जैसे लोकप्रिय टेलीविजन सीरियल का निर्देशन किया और 'दिल आशना है' जैसी फिल्मों के जरिए अपना सफर जारी रखा।
क्लासिकल डांस के प्रति समर्पण और पारिवारिक सफर
हेमा मालिनी ने यह भी साझा किया कि उन्होंने अपने जीवन में कभी भी स्टेज पर फिल्मी गानों पर डांस नहीं किया, बल्कि हमेशा दुर्गा, महालक्ष्मी, राधा-कृष्ण और द्रौपदी जैसे पौराणिक क्लासिकल बैले तैयार किए। उन्होंने स्वीकार किया कि यदि वह फिल्मी गानों पर परफॉर्म करतीं, तो शायद बहुत ज्यादा पैसे कमा सकती थीं क्योंकि क्लासिकल डांस से उतनी कमाई नहीं होती, लेकिन वह अपने उसूलों पर कायम रहीं। आपको बता दें कि धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की प्रेम कहानी 1970 में फिल्म 'तुम हसीन मैं जवान' के सेट से शुरू हुई थी और 1980 में दोनों शादी के बंधन में बंधे थे। उनकी दो बेटियां ईशा देओल (Esha Deol) और अहाना देओल (Ahana Deol) हैं।