पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री आवास, विधवा पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश- केशव प्रसाद मौर्य

अयोध्या जनपद के विकासखंड हरिंगटनगंज के ग्राम निधियावा में बरसात के दौरान कच्चे मकान के गिरने से हुई दुर्घटना में श्रीमती कमलेश देवी जी की 20 वर्षीय पुत्री बंदना की दबने से हुई मृत्यु की प्रकाशित खबर का केशव प्रसाद मौर्य ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री के दूरभाष पर दिए गए निर्देशों के क्रम में अयोध्या जनपद के मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए खंड विकास अधिकारी श्री आर0एन0 भारती को ग्राम निधियावा भेजा गया। खंड विकास अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। अधिकारियों द्वारा पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया गया कि मुख्यमंत्री आवास, विधवा पेंशन, किसान सम्मान निधि एवं अन्य पात्रता आधारित सरकारी योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र एवं आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कर उपलब्ध कराई जाएगी।
जानकारी के अनुसार श्रीमती कमलेश देवी जी के पति श्री राम नरेश पाल का जिनका पूर्व में ही निधन हो चुका है। ऐसे में परिवार पर आई इस दुखद एवं आकस्मिक विपदा को देखते हुए मा0 उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार की कठिनाई न होने दी जाए तथा शासन द्वारा अनुमन्य सभी सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तत्काल गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलें, उनकी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करें और नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने श्रीमती कमलेश देवी जी के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास की स्वीकृति तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा सके।
श्री मौर्य जी ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि श्रीमती कमलेश देवी जी को विधवा पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित पात्रता के आधार पर अन्य सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा डबल इंजन सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र निवासियों के लिए अनुमन्य सभी सुविधाओं एवं योजनाओं से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए गए। केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। विशेष रूप से प्राकृतिक आपदा अथवा आकस्मिक दुर्घटना से प्रभावित परिवारों की सहायता में अधिकारी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें। जनता की सेवा और जरूरतमंद परिवारों की सहायता डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के किसी भी गरीब, वंचित अथवा जरूरतमंद परिवार को विपरीत परिस्थितियों में अकेला न छोड़ते हुए उसे हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।