देश

फ्लाईदुबई विमान हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की सेहत पर आया बड़ा अपडेट

अंतरराष्ट्रीय विमानन जगत में हाल ही में अपनी अदम्य साहस और सूझबूझ से एक बड़ी आपदा को टालने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर (Captain Smit Machhar) के स्वास्थ्य को लेकर एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान सह-पायलट के खौफनाक हमले में गंभीर रूप से घायल हुए कैप्टन स्मित मच्छर अब तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।

विदेश मंत्रालय (MEA) और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि कैप्टन मच्छर को वहां की बेहतरीन चिकित्सा प्रणाली के तहत उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं और 'उत्कृष्ट चिकित्सा देखभाल' प्रदान की जा रही है। भारतीय दूतावास लगातार उनके परिवार के संपर्क में है और हरसंभव प्रशासनिक व कूटनीतिक सहयोग सुनिश्चित कर रहा है।

यूएई स्थित भारतीय दूतावास का आधिकारिक बयान

यूएई में भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर बयान जारी करते हुए कहा, "भारतीय पायलट कैप्टन स्मित का बेहतरीन इलाज चल रहा है और वे स्वास्थ्य लाभ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हम उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हम यूएई सरकार और वहां के चिकित्सा प्रशासन द्वारा उन्हें दी जा रही उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाओं के लिए बेहद आभारी हैं और उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

क्या थी वह खौफनाक घटना और कैसे बचाई गई जान

यह पूरी घटना बीते 30 सितंबर की है, जब दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट आसमान में उड़ान भर रही थी। उड़ान के दौरान विमान में सवार ओमान निवासी सह-पायलट (Co-Pilot) ने अचानक कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया और विमान के नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। यूएई के अटॉर्नी जनरल के अनुसार, आरोपी सह-पायलट अल-हम्ममी ने विमान के हवा में रहते हुए उसके संचालन उपकरणों पर कब्जा जमाने का खतरनाक प्रयास किया था, जिसे एक आतंकी कृत्य की श्रेणी में रखा गया है।

कॉकपिट के भीतर हुई इस हिंसक झड़प के दौरान विमान महज दो मिनट के भीतर लगभग 16,000 फीट नीचे आ गया था, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने अद्भुत साहस का परिचय दिया और संघर्ष जारी रखते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद क्रू मेंबर, यात्रियों और विमान में मौजूद दो अन्य ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने मिलकर उस सिरफिरे सह-पायलट को दबोच लिया और उस पर काबू पा लिया। इसके बाद सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे विमान में सवार सभी 180 लोगों की जान बाल-बाल बच गई। कैप्टन स्मित मच्छर की इस बहादुरी की आज पूरी दुनिया में सराहना हो रही है।

Back to top button