भाजपा पूरी तरह तैयार, विपक्ष अपनी तैयारी करे—सरप्राइज हम देंगे : केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने आज पत्रकार बन्धुओं से वार्ता करते हुए कहा कि INDI गठबंधन बिखर चुका है और उसमें एकता नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि यह भानुमती का कुनबा जोड़ने के बाद किस प्रकार बिखरता है, इसका दृश्य पूरा देश देख चुका है। विपक्षी दल अपनी मांगें रखना चाहते हैं तो अपनी मांगें रखें, मांग रखने से हम किसी को नहीं रोकेंगे, लेकिन जनता सब देख और समझ रही है।
श्री मौर्य ने कहा कि विपक्षी दल चुनाव में पराजित होने पर चुनाव आयोग और ईवीएम को दोष देते हैं, जबकि जीत मिलने पर उसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की लोकप्रियता में कमी और उनके ग्राफ के गिरने से जोड़ने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि इसका वास्तविक जवाब जनता देगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपने मत के माध्यम से जवाब देगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि “सरप्राइज तो हम देंगे”, भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह तैयार है। विपक्षी दल अपनी तैयारी करें, भाजपा की अपनी तैयारी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें समाज के उत्थान, विकास, शिक्षा तथा आमजन के जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं और चुनौतियों के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और गरीबों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग का जीवन स्तर बेहतर हो तथा विकास का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचे। डबल इंजन सरकार जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ आगे भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी।