‘विद्युत सखियों’ ने ₹3,562 करोड़ से ज़्यादा के बिजली बिल जमा करके नया रिकॉर्ड बनाया: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व एवं निर्देशन में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आत्मनिर्भरता का सशक्त मॉडल बनकर उभर रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संचालित विद्युत सखी अभियान ने विद्युत बिल संग्रह के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। यह पहल महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार और नियमित आय उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीण उपभोक्ताओं को घर-घर विद्युत बिल भुगतान की सुविधा भी प्रदान कर रही है।
श्रीमौर्य ने कहा कि विद्युत सखी कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ रही है और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और विश्वास भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के महिला नेतृत्व वाले विकास और आत्मनिर्भर भारत के विजन को उत्तर प्रदेश में प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने में स्वयं सहायता समूहों की दीदियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
₹3,562 करोड़ से अधिक का विद्युत बिल संग्रह
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन तथा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मध्य हुए अभिसरण से संचालित विद्युत सखी कार्यक्रम ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मिशन निदेशक श्री अरुण कुमार जी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत से अब तक 16,021 सक्रिय विद्युत सखियों द्वारा ₹3,562 करोड़ से अधिक के विद्युत बिलों का संग्रह किया जा चुका है। विद्युत सखियों ने 1.55 करोड़ से अधिक बिलों का सफल संग्रह कर ₹46 करोड़ से अधिक का कमीशन अर्जित किया है।