विधान सभा की सर्वदलीय बैठक में हुए सम्मिलित हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज विधानसभा में पत्रकारों से छात्र समस्या , महिला आरक्षण बिल, संसद परिसर में हुए हालिया घटनाक्रम, विपक्ष की भूमिका तथा प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं, आगामी विधानसभा सत्र, कानून-व्यवस्था, अनुपूरक बजट तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर सरकार का पक्ष रखा। उपमुख्यमंत्री जी ने संसद भवन परिसर दिल्ली में अवधेश प्रसाद एवं पप्पू यादव द्वारा किए गए प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अत्यंत आपत्तिजनक, घिनौना एवं आपराधिक कृत्य था। किसी भी व्यक्ति द्वारा संतों, रामभक्तों तथा हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कोई भी कार्य स्वीकार्य नहीं हो सकता। विपक्ष इस पर अपनी राजनीति करना बंद करे। वाराणसी में दर्ज एफआईआर उचित है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा करती है ।
महिला आरक्षण एवं परिसीमन के मुद्दे पर बोलते हुए श्री मौर्य ने कहा कि विपक्ष परिसीमन की आड़ लेकर महिला आरक्षण का विरोध कर रहा है। पूर्व में भी विभिन्न मुद्दों की आड़ लेकर सरकार को घेरने का प्रयास किया गया, किंतु सरकार जनहित में निर्णय लेने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों की भावनाओं का सम्मान करती है तथा उनकी उचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया गया है। कुछ विपक्षी दलों ने इस आंदोलन का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और यदि किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधियों अथवा बाहरी तत्वों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।