व्यापार

1 अगस्त से बदल गए ये बड़े नियम: तत्काल रेलवे टिकट बुकिंग से लेकर ITR पेनल्टी और एलपीजी सिलेंडर तक, आपकी जेब पर सीधा असर

हर महीने की पहली तारीख अपने साथ कई नए बदलाव लेकर आती है, और इस बार अगस्त महीने की शुरुआत भी कुछ ऐसे ही बड़े बदलावों के साथ हुई है। ये बदलाव आपकी पर्सनल लाइफ से लेकर फाइनेंशियल लाइफ और रोजमर्रा के कामकाज दोनों पर सीधा असर डालते हैं। आज यानी 1 अगस्त से तत्काल रेलवे टिकट बुकिंग के तरीके से लेकर इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) पर लगने वाली पेनल्टी, एलपीजी सिलेंडर के दाम और बैंकिंग सेवाओं से जुड़े नियम बदल चुके हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि आज से कौन-कौन से नए बदलाव लागू हो गए हैं।

1. तत्काल रेलवे टिकट बुकिंग के लिए नया टोकन सिस्टम

अगर आप भी रेलवे की तत्काल टिकट बुक कराते समय काउंटर पर लंबी लाइनों से परेशान रहते हैं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम सेंट्रल रेलवे (WCR) ने आज से तत्काल टिकट की बुकिंग के लिए टोकन सिस्टम (Token System) लागू कर दिया है।

इसका मतलब यह है कि अब आपको बिना टोकन लिए विंडो से तत्काल टिकट बुक कराने के लिए घंटों लंबी लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। इस व्यवस्था के तहत रिजर्वेशन काउंटर पर एक तय समय पर टोकन बांटे जाएंगे। काउंटर से पहले टोकन लेना होगा और फिर नंबर आने पर आपकी टिकट बुक होगी। इस नई व्यवस्था से काउंटरों पर लगने वाली भारी भीड़भाड़ से काफी हद तक राहत मिलेगी।

2. बिना ITR फाइल करने वालों पर लगा जुर्माना

इनकम टैक्स विभाग द्वारा सैलरीड क्लास और अन्य करदाताओं के लिए ITR फाइल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई तय की गई थी। जिन लोगों ने तय समय सीमा के भीतर अपना रिटर्न दाखिल नहीं किया है, उन्हें आज से पेनल्टी का सामना करना पड़ रहा है:

  • ₹1,000 पेनल्टी: जिनकी सालाना आमदनी 5 लाख रुपये या इससे कम है, उन्हें लेट फीस के रूप में 1,000 रुपये का भुगतान करना होगा।

  • ₹5,000 पेनल्टी: जिनकी एनुअल इनकम 5 लाख रुपये से ज्यादा है, वे 5,000 रुपये की पेनल्टी के साथ अपना ITR फाइल कर पाएंगे।

3. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता, उज्ज्वला नियमों में बदलाव

हर महीने की तरह इस बार भी तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में संशोधन किया है:

  • कमर्शियल सिलेंडर के घटे दाम: सरकारी तेल कंपनियों ने राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम ₹192 प्रति सिलेंडर कम कर दिए हैं। इस कटौती के बाद दिल्ली में अब कमर्शियल सिलेंडर का नया दाम घटकर ₹2,738 हो गया है, जिसके लिए पहले 2,930 रुपये चुकाने पड़ते थे।

  • उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए अपडेट: जून में सरकार ने सब्सिडाइज्ड सिलेंडर की संख्या 9 से घटाकर 4 कर दी थी। ऐसे में जिन परिवारों ने अप्रैल से जुलाई के बीच अपने कोटे के 4 सिलेंडर ले लिए हैं, उन्हें अगस्त महीने मिलने वाले सिलेंडर के लिए ₹300 की सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा और यह सिलेंडर महंगा पड़ेगा।

4. बैंकों में लागू हुआ CKYC 2.0 सिस्टम

ग्राहकों की सुरक्षा और डेटा शेयरिंग को आसान बनाने के लिए देश के बैंक, इंश्योरेंस कंपनियां और एसेट मैनेजमेंट फर्में मिलकर सेंट्रल केवाईसी (CKYC) 2.0 सिस्टम की शुरुआत कर रही हैं। यह एक पूरी तरह सुरक्षित डिजिटल प्रोसेस है। नए नियमों के तहत वित्तीय संस्थान ग्राहक की सहमति (Approval) मिलने के बाद सेंट्रल रजिस्ट्री से सीधे जरूरी और अपडेटेड डिटेल हासिल कर सकेंगे, जिससे बार-बार दस्तावेज जमा करने की झंझट से मुक्ति मिलेगी।

5. क्रेडिट कार्ड और बैंक ब्याज दरों में बदलाव

अगस्त की पहली तारीख से कुछ चुनिंदा बैंकों ने अपने क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव किए हैं। इन बदलावों का सीधा असर ग्राहकों के रिवॉर्ड पॉइंट्स, लेट पेमेंट चार्ज और प्रोसेसिंग फीस की दरों पर पड़ने की उम्मीद है। इसके अलावा, आने वाले दिनों में रिजर्व बैंक (RBI) की होने वाली एमपीसी (MPC) बैठकों के फैसलों के बाद बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) ब्याज दरों के साथ-साथ होम और ऑटो लोन की ईएमआई में भी फेरबदल देखने को मिल सकता है।

Back to top button