उत्तर प्रदेश

बांदा में 47.6 डिग्री-अप्रैल का नया रिकॉर्ड! यूपी में जून जैसी आग, लेकिन मंगलवार से मिलेगी राहत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अप्रैल के आखिरी हफ्ते में जून जैसी तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पूरब से पश्चिम तक गर्म हवाओं के थपेड़ों ने दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिया है। ज्यादातर जिलों में पारा 42 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और आसमान से बरसती आग जैसी धूप ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।बांदा ने तोड़ा अप्रैल का सारे रिकॉर्ड, देश में सबसे गर्म रहासोमवार को बांदा में 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में सर्वाधिक रहा। यह अप्रैल महीने का नया कीर्तिमान है जो अपने पिछले सर्वोच्च तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस से 0.2 डिग्री अधिक है। इससे पहले शनिवार को बांदा में 47.5 और रविवार को 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बांदा के अलावा आगरा में 44.4, प्रयागराज में 44.2 और उरई में भी 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ भीषण गर्मी जारी है।लखनऊ में भी 40 डिग्री पार, रात में भी राहत नहींवरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार सोमवार को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री की गिरावट के साथ 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रात का पारा 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पुरवा हवा और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी इलाके को छोड़कर अन्य जगहों पर तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट जरूर आई, लेकिन राहत अभी भी नाकाफी है।मंगलवार से बदलेगा मौसम, झांसी से होगी शुरुआतअच्छी खबर यह है कि मंगलवार से प्रदेश में मौसम करवट लेगा। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले तीन दिनों में पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अधिकतर जिलों में बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी के साथ अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम बदलाव की शुरुआत झांसी से होगी और बुधवार तक इसका असर पूरे प्रदेश में फैल जाएगा। सोमवार देर रात से ही 50 से अधिक जिलों में हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं और 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी जिससे लू का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा।

Back to top button