OpenAI Hiring: एआई की दुनिया में निकली सबसे अनोखी नौकरी, बिना पैदा हुई मुसीबतों को ढूंढने के मिलेंगे ₹3.7 करोड़

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया इस समय जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है, उतनी ही तेजी से इससे जुड़ी चुनौतियां भी बदल रही हैं। इसी बीच चैटजीपीटी (ChatGPT) बनाने वाली कंपनी OpenAI ने एक ऐसी जॉब वैकेंसी निकाली है, जिसने पूरी टेक इंडस्ट्री के होश उड़ा दिए हैं। कंपनी एक ऐसे सीनियर इंजीनियर की तलाश कर रही है, जिसका काम उन खतरों और चुनौतियों के बारे में सोचना है जो आज की तारीख में वजूद में ही नहीं हैं। इस अनोखे काम के लिए OpenAI सालाना 2.95 लाख डॉलर से 4.45 लाख डॉलर यानी करीब 2.5 करोड़ रुपये से 3.7 करोड़ रुपये तक का बंपर सैलरी पैकेज देने को तैयार है। आखिर क्या करेगी OpenAI की यह सीक्रेट टीम यह हाई-प्रोफाइल नौकरी सिर्फ कोडिंग या तकनीकी स्किल तक सीमित नहीं है। OpenAI को एक ऐसे दूरदर्शी और रणनीतिक सोच वाले इंसान की तलाश है जो एआई के आने वाले कल को भांप सके। दरअसल, यह वैकेंसी कंपनी की बेहद खास "Preparedness" (तैयारी) टीम के लिए है। इस टीम का मुख्य काम ही यही है कि वह एआई से पैदा होने वाले भविष्य के संभावित खतरों और सुरक्षा से जुड़े जोखिमों पर एडवांस में काम करे। उदाहरण के लिए, अगर कोई एआई सिस्टम खुद ही अपने आप को अपग्रेड करने लगे और इंसानों से बेहतर वर्जन बनाने लगे, तो उसे कैसे कंट्रोल किया जाएगा? कंपनी इसी तरह की अजीबोगरीब और काल्पनिक लगने वाली परिस्थितियों के लिए खुद को पहले से तैयार करना चाहती है। 'टेस्टफुल और स्ट्रेटेजिक' उम्मीदवार की तलाश इस जॉब पोस्टिंग में कंपनी ने एक बहुत ही दिलचस्प शर्त रखी है। OpenAI को ऐसा उम्मीदवार चाहिए जो स्वभाव से "Tasteful and Strategic" हो। सीधे शब्दों में कहें तो कंपनी को सिर्फ एक किताबी कीड़ा या कोडिंग एक्सपर्ट नहीं चाहिए, बल्कि एक ऐसा समझदार इंसान चाहिए जो मुश्किल वक्त में सही और सटीक फैसले ले सके। इस इंजीनियर को हर दिन यह तय करना होगा कि किस खतरे को कितना सीरियसली लेना है, सुरक्षा के लिहाज से किसे पहली प्राथमिकता देनी है और ऐसे सॉल्यूशन तैयार करने हैं जो टेक्नोलॉजी के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक रूप से भी बिल्कुल सही हों। क्या एआई खुद करने लगेगा अपना ही रिसर्च इस पद पर आने वाले शख्स का फोकस मौजूदा एआई को सुधारना नहीं, बल्कि आने वाले सालों में एआई के बदलते रूप पर नजर रखना होगा। रिपोर्ट्स की मानें तो इस रोल में डेटा पॉइजनिंग जैसे खतरनाक साइबर हमलों से मॉडल को बचाना, एआई के सोचने के तरीके को डिकोड करने वाले टूल्स बनाना और यह एनालिसिस करना शामिल है कि OpenAI के अंदर होने वाला रिसर्च वर्क खुद एआई कितने दिन में संभालने लगेगा। यानी सीधे शब्दों में कहें तो इस इंजीनियर को यह देखना होगा कि भविष्य में एआई किस हद तक इंसानों की जगह खुद ही नए एआई को विकसित करने का काम शुरू कर सकता है। सैम ऑल्टमैन का 'सुपर एआई' विजन OpenAI के सर्वेसर्वा सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) काफी समय से एक ऐसे एआई सिस्टम का सपना देख रहे हैं जो रिसर्च के काम में इंसानों का दाहिना हाथ बन सके। उनका विजन है कि कंपनी बहुत जल्द बड़े पैमाने पर "Automated AI Research Intern" तैयार करे, जो आने वाले कुछ सालों में एक फुल-फ्लैश एआई रिसर्चर में बदल जाए। हालांकि ऑल्टमैन ने यह भी माना है कि इस बेहद मुश्किल और महत्वाकांक्षी लक्ष्य में कंपनी फेल भी हो सकती है, लेकिन उनका मानना है कि एआई की ताकत को देखते हुए इसके लिए पहले से ट्रांसपेरेंसी और पूरी तैयारी रखना बेहद जरूरी है। सिंगुलैरिटी की दहलीज़ पर खड़ी है टेक इंडस्ट्री एआई की इस सुपरफास्ट स्पीड को देखकर दुनिया भर के एक्सपर्ट्स की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। कई बड़ी एआई लैब्स के दिग्गजों का मानना है कि हम इस समय 'सिंगुलैरिटी' (वह दौर जब एआई इंसानी दिमाग से आगे निकल जाएगा) के मुहाने पर खड़े हैं। माना जा रहा है कि इस दशक के खत्म होने तक एआई सिस्टम बिना किसी इंसानी मदद के खुद का विकास करने में सक्षम हो जाएंगे। यही वजह है कि OpenAI जैसी कंपनियां अब भारी-भरकम पैकेज देकर ऐसे दिग्गजों को अपने साथ जोड़ रही हैं, जो एआई की इस बेकाबू रफ्तार को सुरक्षित और जिम्मेदार दायरे में रख सकें।