व्यापार

₹15,000 करोड़ से बड़ी डिफेंस कंपनी ने किया बड़ा एलान, 87 लाख से ज्यादा वारंट को शेयरों में बदला; मुनाफा 161% उछला

भारतीय शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच एयरोस्पेस, डिफेंस और आंतरिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम करने वाली दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड (Apollo Micro Systems Ltd) के शेयर इन दिनों निवेशकों के बीच चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। कंपनी द्वारा स्टॉक एक्सचेंजों को वारंट के इक्विटी शेयरों में रूपांतरण (Warrants Conversion) से जुड़ी बेहद अहम जानकारी साझा करने के बाद आज इसके शेयरों में भारी हलचल देखी जा रही है। घरेलू शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांकों में अस्थिरता के बावजूद यह डिफेंस स्टॉक बीएसई (BSE) पर बढ़त के साथ ₹440.20 के स्तर पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव ₹438.80 था।

कारोबार के दौरान लिवाली के दम पर यह शेयर ₹442.95 के उच्च स्तर पर पहुंच गया, जो इसके 3 जून 2026 को बने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर ₹447 से महज 4.7 प्रतिशत ही दूर है। हालांकि, ऊपरी स्तरों पर आई मुनाफावसूली के चलते शेयर अंत में ₹424.40 के आसपास कारोबार करता नजर आया। इस समय कंपनी का कुल मार्केट कैप ₹15,146.18 करोड़ रुपये आंका गया है।

बड़े निवेशकों ने चुकाई ₹74.95 करोड़ की रकम, अलॉट हुए 87.65 लाख नए इक्विटी शेयर

कंपनी द्वारा दी गई आधिकारिक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, बोर्ड ने कुल 87,65,615 वारंटों को इक्विटी शेयरों में बदलने की मंजूरी दे दी है। इस प्रक्रिया के तहत बड़े निवेशकों जैसे लता धीरज शाह, श्रीनिवास रेड्डी अकुरी और एबिसु ग्लोबल अपॉर्चुनिटीज फंड लिमिटेड ने कुल ₹74.95 करोड़ रुपये का वारंट एक्सरसाइज मूल्य जमा किया है। इसके बदले में कंपनी ने इन निवेशकों को ₹1 प्रति शेयर के अंकित मूल्य (Face Value) वाले 87,65,615 नए इक्विटी शेयर आवंटित (Allot) कर दिए हैं। आपको बता दें कि इससे पहले 2 जून 2025 को कंपनी ने 30 बड़े निवेशकों को कुल 3,80,67,058 वारंट जारी किए थे।

5 साल में 3,600% से ज्यादा का छप्परफाड़ रिटर्न, बेंचमार्क इंडेक्स को भी पछाड़ा

बीएसई एनालिटिक्स (BSE Analytics) के आंकड़ों पर नजर डालें तो अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड मल्टीबैगर रिटर्न देने के मामले में बेहद आगे रही है। इस डिफेंस स्टॉक ने पिछले पांच वर्षों में अपने निवेशकों को 3,659.96 प्रतिशत का हैरान कर देने वाला बंपर रिटर्न दिया है। वहीं पिछले एक साल में इस शेयर ने 115.48 प्रतिशत की शानदार बढ़त दर्ज की है। साल-दर-साल (YTD) आधार पर भी जहां मुख्य बेंचमार्क इंडेक्स में 9.38 प्रतिशत की गिरावट देखी गई, वहीं इस अकेले शेयर ने 53.92 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि हासिल कर बाजार को चौंका दिया है।

चौथी तिमाही के नतीजों में हुआ बंपर धमाका, वित्तीय मोर्चे पर कंपनी ने गाड़े झंडे

कंपनी के हालिया वित्तीय दस्तावेजों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 की जनवरी-मार्च (Q4) तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा है। परिचालन से कंपनी का कुल राजस्व (Revenue from Operations) पिछले वर्ष की इसी तिमाही के ₹161.76 करोड़ रुपये से 26.87 प्रतिशत बढ़कर ₹205.22 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। सबसे बड़ी छलांग कंपनी के शुद्ध मुनाफे यानी कर पश्चात लाभ (PAT) में देखने को मिली है, जो पिछले साल की मार्च तिमाही के ₹14.31 करोड़ रुपये के मुकाबले 161.64 प्रतिशत की रिकॉर्ड तोड़ बढ़त के साथ ₹37.44 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। रक्षा क्षेत्र में बढ़ते सरकारी फोकस को देखते हुए एक्सपर्ट्स इस कंपनी के भविष्य को लेकर काफी सकारात्मक नजर आ रहे हैं।

 

 

Back to top button