प्रयागराज सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने किया जनता दर्शन, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

प्रयागराज स्थित सर्किट हाउस में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनसामान्य से भेंट कर उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। कार्यक्रम में जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में शिकायतकर्ता अपनी समस्याओं एवं मांगों को लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेश शुक्ल एवं श्रीमती निर्मला पासवान, सांसद श्री प्रवीण पटेल, विधायक श्री गुरु प्रसाद मौर्य एवं श्री दीपक पटेल, महापौर श्री गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी. के. सिंह, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेश मौर्य, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं अनेक प्रतिष्ठित नागरिक गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
श्री मौर्य ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित के कार्य पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान ही सुशासन की पहचान है और सभी अधिकारी इस दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य करें। इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने संगठनात्मक बैठक भी की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव एवं वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं तथा पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार जनता के बीच निरंतर संवाद एवं सेवा भाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से पहुंचाकर आमजन को उनके लाभों से अवगत कराएं, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।