देश

दिल्ली में CJP प्रदर्शन के चलते 16 मेट्रो स्टेशन अचानक बंद, राजीव चौक से मंदी हाउस तक हाहाकार, दफ्तर जाने वाले फंसे

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीसरे दिन भी जारी उग्र विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एहतियातन और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए लुटियंस दिल्ली और आसपास के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। इस फैसले के बाद राजीव चौक, पटेल चौक, जनपथ, लोक कल्याण मार्ग, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, सुप्रीम कोर्ट, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट और शिवाजी स्टेडियम जैसे अति-व्यस्त स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश व निकास रोक दिया गया है।

राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय पर इंटरचेंज जारी, लेकिन यात्री बेहाल

DMRC के अनुसार, यद्यपि प्रमुख स्टेशनों जैसे राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय पर यात्रियों की सुविधा के लिए इंटरचेंज (ट्रेन बदलने) की व्यवस्था चालू रखी गई है, लेकिन स्टेशनों से बाहर निकलने और अंदर जाने के दरवाजे पूरी तरह बंद हैं। अचानक लिए गए इस फैसले के कारण दफ्तर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, कॉलेज के छात्रों और आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मंडी हाउस और राजीव चौक जैसे स्टेशनों के अंदर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई, जहां कई लोग सुरक्षाकर्मियों और मेट्रो अधिकारियों से बाहर निकलने की मिन्नतें और सवाल-जवाब करते देखे गए।

सड़कों पर बढ़ा ट्रैफिक का दबाव, वैकल्पिक रास्तों की तलाश में भटके लोग

मेट्रो सेवाएं बाधित होने की वजह से लुटियंस दिल्ली के बाहरी हिस्सों और प्रमुख बस स्टॉप्स पर अचानक यात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग ऑटो, कैब और बसों के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई स्टेशनों के बाहर भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग के चलते मध्य दिल्ली की सड़कों पर भी भीषण जाम की स्थिति बन गई है। यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए मीलों पैदल चलना पड़ रहा है या फिर कई किलोमीटर लंबे वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।

Back to top button