Tanushree Dutta Post: ‘बॉलीवुड माफिया छीन रहा मेरा काम’, तनुश्री दत्ता का छलका दर्द, सोशल मीडिया पर खोला मोर्चा

बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता (Tanushree Dutta) एक बार फिर अपने एक बेबाक बयान और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गई हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने किसी पुराने विवाद पर बात नहीं की है, बल्कि अपने करियर, काम के मौकों और आर्थिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
तनुश्री ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक नई तस्वीर साझा करते हुए एक विस्तृत पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग और 'विरोधी खेमे के हैंडलर्स' लगातार उनके काम में रुकावटें डाल रहे हैं और ब्रांड्स व मेकर्स को भड़का रहे हैं।
"विरोधी खेमे के लोग ब्रांड्स और मेकर्स को करते हैं गुमराह"
तनुश्री दत्ता ने अपने पोस्ट में खुलासा किया कि बहुत से लोग और ब्रांड्स उनके साथ काम करने में रुचि रखते हैं, लेकिन बिचौलिए और विरोधी खेमे के लोग उन्हें सही जानकारी नहीं पहुंचने देते।
उन्होंने लिखा:
"ऐसे लोग भी हैं जो मेरे साथ काम करना चाहते हैं, लेकिन विरोधी खेमे के लोग मुझे कोई भी काम या जानकारी मिलने नहीं देते। वे झूठ बोलते हैं, बातों को घुमाते हैं और शुरुआती पूछताछ के स्तर पर ही चीजों को गलत दिशा में ले जाते हैं या ब्रांड्स और इवेंट्स को गुमराह करते हैं ताकि मुझे नुकसान पहुंचाया जा सके।"
"बॉलीवुड माफिया और दबंगों की धोखाधड़ी से बचें"
इंडस्ट्री के कुछ प्रभावशाली लोगों पर निशाना साधते हुए तनुश्री ने लिखा कि बॉलीवुड के 'दबंग' और 'माफिया' लगातार उनके काम के अवसरों को खराब करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने इवेंट ऑर्गेनाइजर्स और फिल्म मेकर्स को सतर्क रहने की सलाह दी है कि वे किसी भी बिचौलिए या अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं।
काम और पेमेंट को लेकर रखीं सख्त शर्तें
तनुश्री दत्ता ने अपने पेशेवर काम करने के तरीके को पूरी तरह पारदर्शी और कानूनी बताया। उन्होंने काम करने के लिए निम्नलिखित नियम और दिशानिर्देश साझा किए:
-
केवल ऑफिशियल बैंक अकाउंट: कोई भी ब्रांड या मेकर्स तब तक कोई पेमेंट न करें, जब तक वह उनके ICICI बैंक के ऑफिशियल अकाउंट में न हो। वे किसी अन्य बैंक या कैश (Cash) ट्रांजैक्शन में काम नहीं करतीं।
-
100% टैक्स डिक्लेयर्ड काम: तनुश्री ने कहा कि उनका सारा काम कानूनी, पारदर्शी और भारत सरकार के नियमों के अनुसार टैक्स के दायरे में होता है।
-
बिजनेस व्हाट्सएप से इनवॉइस: बुकिंग की पुष्टि केवल उनके वेरीफाइड बिजनेस व्हाट्सएप नंबर से भेजे गए कानूनी इनवॉइस के आधार पर ही मानी जाएगी।
-
सामान/प्रोडक्ट भेजने के नियम: बिना उनके वेरीफाइड बिजनेस व्हाट्सएप की कन्फर्मेशन और कूरियर (FedEx आदि) के माध्यम से पुष्टि के कोई भी प्रोडक्ट उनके घर न भेजा जाए।
"100 साल बाद भी मेरे रिकॉर्ड्स पूरी तरह साफ मिलेंगे"
अपनी विश्वसनीयता पर बात करते हुए तनुश्री ने कहा कि वे कोई भी अनौपचारिक या संदिग्ध काम नहीं करती हैं। अगर कोई 100 साल बाद भी उनके फाइनेंशियल और लीगल रिकॉर्ड्स देखेगा, तो वे पूरी तरह व्यवस्थित और साफ-सुथरे पाए जाएंगे।
उन्होंने अपने एम्प्लॉयर्स और फैंस से अपील की कि अगर किसी बिचौलिए की वजह से उनसे संपर्क करने में कोई दिक्कत आ रही है, तो वे सीधे उनके बिजनेस व्हाट्सएप पर इसकी जानकारी दें, ताकि धोखेबाजों की पहचान की जा सके।