क्यों टूटी गोविंदा और करिश्मा कपूर की सुपरहिट जोड़ी? एक्ट्रेस शगुफ्ता अली ने बताया 90s का ये चौंकाने वाला सच

बॉलीवुड और टीवी जगत की दिग्गज अभिनेत्री शगुफ्ता अली ने हाल ही में 1997 की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'हीरो नंबर 1' में करिश्मा कपूर के साथ काम करने के अपने अनुभवों को लेकर बेबाक बातचीत की है। उन्होंने जहां एक तरफ करिश्मा कपूर के काम के प्रति समर्पण और अनुशासन की तारीफ की, वहीं दूसरी तरफ सेट पर उनके व्यवहार को लेकर कुछ चौंकाने वाले खुलासे भी किए।
सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब चैनल पर दिए एक इंटरव्यू में शगुफ्ता अली से 90 के दशक की ब्लॉकबस्टर जोड़ी गोविंदा और करिश्मा कपूर के अलग होने के कारणों पर सवाल पूछा गया।
"दोनों के बीच शायद इंटरेस्ट और प्यार-मोहब्बत खत्म हो गई होगी"
जब शगुफ्ता अली से पूछा गया कि आखिर गोविंदा और करिश्मा कपूर की सुपरहिट ऑनस्क्रीन जोड़ी क्यों टूट गई, तो उन्होंने कहा कि इसका सटीक कारण तो वे दोनों ही बता सकते हैं।
हालांकि, अपना विचार रखते हुए उन्होंने कहा, "समय के साथ शायद दोनों के बीच इंटरेस्ट खत्म हो गया होगा। प्यार-मोहब्बत भी खत्म हो गई होगी। वैसे भी एक्ट्रेसेस के मूड का क्या ही भरोसा किया जा सकता है। जरूरत से ज्यादा एंबिशियस होना भी ठीक नहीं होता। करिश्मा बहुत मेहनती थीं, लेकिन उनके अंदर काफी एटीट्यूड भी था।"
"कैमरे के पीछे कलाकार का व्यवहार बहुत मायने रखता है"
शगुफ्ता अली ने आगे बात करते हुए कहा कि किसी भी एक्टर का व्यवहार केवल कैमरे के सामने ही नहीं, बल्कि सेट पर भी बहुत मायने रखता है। अगर दो कलाकार एक साथ लंबे समय तक काम कर रहे हैं, तो उनके बीच आपसी तालमेल और एक-दूसरे के प्रति सम्मान होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी सीन या इंटरव्यू के दौरान हर कलाकार को अपनी बात रखने और अभिनय करने का बराबर मौका मिलना चाहिए। जब एक सह-कलाकार सीन दे रहा हो, तो उसे सही क्यू (Cues) देना और मदद करना एक अच्छे को-स्टार की जिम्मेदारी होती है।
90s की सबसे सुपरहिट जोड़ियों में से एक थी गोविंदा-करिश्मा की जोड़ी
आपको बता दें कि 90 के दशक में गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान रचे थे। इस जोड़ी ने 'कुली नंबर 1', 'राजा बाबू', 'साजन चले ससुराल', 'हसीना मान जाएगी', 'हीरो नंबर 1' और 'शिकारी' जैसी लगातार कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी थीं। उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री, डांस और टाइमिंग को दर्शक आज भी बेहद पसंद करते हैं।