मलाइका से लेकर सामंथा तक: सिर्फ स्टाइल नहीं, इन एक्ट्रेसेस के शरीर पर बने टैटू में छिपी है उनकी अनसुनी कहानी

बॉलीवुड इंडस्ट्री में अभिनेत्रियां अपनी शानदार एक्टिंग और फैशन सेंस के साथ-साथ अपने खास टैटू के लिए भी सुर्खियों में रहती हैं। मलाइका अरोड़ा से लेकर सामंथा रुथ प्रभु तक, कई हसीनाओं ने अपने शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर बेहद खूबसूरत टैटू गुदवाए हैं। हालांकि, ये टैटू सिर्फ स्टाइल स्टेटमेंट या शरीर पर बने निशान भर नहीं हैं, बल्कि इनमें से हर एक टैटू अपने अंदर जिंदगी की कोई न कोई गहरी कहानी और राज समेटे हुए है। आइए जानते हैं इन मशहूर अभिनेत्रियों के टैटू का असली मतलब क्या है।
तृप्ति डिमरी: सूरज और चांद का अनोखा संगम
बॉलीवुड की नई सेंसेशन तृप्ति डिमरी के लाखों चाहने वाले हैं। इस खूबसूरत अदाकारा ने अपने दाएं कंधे पर सूरज और चांद का एक बेहद आकर्षक और कूल डिजाइन गुदवा रखा है। अभिनेत्री के इस टैटू का सीधा मतलब सूर्य की तेज रोशनी और चांद की शांत चमक से जुड़ा है, जो जीवन में संतुलन को दर्शाता है।
सामंथा रुथ प्रभु: प्यार, दर्द और अपनी पहचान
साउथ से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली सामंथा रुथ प्रभु की बॉडी पर कभी तीन टैटू हुआ करते थे। उनका पहला टैटू 'YMC' उनकी और उनके एक्स हसबैंड नागा चैतन्य की पहली फिल्म के नाम पर था, जहां से उनकी लव स्टोरी शुरू हुई थी। दूसरा टैटू उन्होंने चैतन्य के प्यार में 'Chay' लिखवाया था, जिसे तलाक के बाद उन्होंने हटवा दिया। वहीं उनके तीसरे टैटू में दो तीर बने हैं, जिसका गहरा अर्थ है- 'अपनी पहचान खुद बनाओ।'
सुष्मिता सेन: अपना रास्ता खुद बनाने का जज्बा
पूर्व मिस यूनिवर्स और बॉलीवुड की दमदार एक्ट्रेस सुष्मिता सेन के शरीर पर वैसे तो कई टैटू हैं, लेकिन उनका सबसे चर्चित टैटू लैटिन भाषा में लिखा गया है। सुष्मिता ने अपनी बांह पर 'Aut Viam Inveniam Aut Faciam' लिखवाया है। इसका हिंदी में मतलब है, 'मैं अपना रास्ता ढूंढ लूंगी या खुद अपना रास्ता बना लूंगी।' यह टैटू सुष्मिता की मजबूत और स्वतंत्र शख्सियत को बयां करता है।
कंगना रनौत: दर्द के बाद चमकने वाली सफलता
अपनी बेबाकी के लिए मशहूर कंगना रनौत ने अपनी गर्दन के पिछले हिस्से पर एक खास टैटू गुदवाया है, जिसमें पंख, क्राउन और एक तलवार शामिल है। कंगना ने खुद बताया था कि पहले उन्होंने सिर्फ दो पंख बनवाए थे, फिर उन्हें अधूरा लगा तो एक क्राउन बनवाया। इसके बाद भी जब बात नहीं बनी तो उन्होंने इसमें एक तलवार जुड़वा ली। इस पूरे टैटू का मतलब वह चमक और सफलता है, जो जीवन में भारी दर्द और संघर्षों के बाद हासिल होती है।
मलाइका अरोड़ा: खुले आसमान में उड़ने की आजादी
फिटनेस आइकन मलाइका अरोड़ा भी टैटू की काफी शौकीन हैं और उनके शरीर पर कई टैटू मौजूद हैं। हालांकि, उनकी पसलियों (ribs) पर बनी तीन उड़ती हुई चिड़ियों (Three Flying Birds) का टैटू आर्ट सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है। यह खूबसूरत टैटू बंधनों से मुक्त होकर खुले आसमान में उड़ने और पूरी आजादी के साथ अपनी जिंदगी जीने का संदेश देता है।