मनोरंजन

Indian Idol 16 Grand Finale: 10 महीने के लंबे सफर के बाद आज रात मिलेगा विनर, जानें टॉप-6 फाइनलिस्ट, प्राइज मनी और गेस्ट की पूरी डिटेल

भारतीय टेलीविजन के सबसे मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 16' का आज (26 जुलाई) रात 8 बजे बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले होने जा रहा है। यह सीजन अब तक का सबसे लंबा सीजन रहा है, जिसने पूरे 10 महीने तक दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। 'यादों की प्लेलिस्ट' थीम वाले इस सीजन की शुरुआत अक्टूबर 2025 में 18 होनहार कंटेस्टेंट्स के साथ हुई थी। आज रात टॉप-6 फाइनलिस्ट में से किसी एक के सिर पर इस ऐतिहासिक सीजन के विजेता का ताज सजेगा।

टॉप-6 में होगी कांटे की टक्कर, कौन बनेगा चैंपियन?

इस म्यूजिकल महामुकाबले में देश के अलग-अलग कोनों से आए 6 बेहतरीन सिंगर्स के बीच ट्रॉफी के लिए जोरदार टक्कर है। फिनाले की रेस में मुंबई की अंशिका चोनकर, भुवनेश्वर की ज्योतिर्मयी नायक, दिल्ली के मनराज वीर सिंह और सुहैल, गुवाहाटी की मायस्मी बोस और मध्य प्रदेश (जबलपुर) के तनिष्क शुक्ला अपनी गायकी का आखिरी और सबसे बड़ा इम्तिहान देंगे।

फिनाले में सजेगी दिग्गजों की महफिल

शो को हमेशा की तरह आदित्य नारायण होस्ट करेंगे, जबकि जज की कुर्सी पर रैपर बादशाह और मेलोडी क्वीन श्रेया घोषाल नजर आएंगे। हालांकि, संगीतकार विशाल ददलानी अपने किसी पुराने कमिटमेंट के चलते शायद फिनाले का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। इस शाम को और भी खास बनाने के लिए कुमार सानू, उदित नारायण, पापोन और उषा उत्थुप जैसे संगीत जगत के दिग्गज अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। ग्लैम कोशेंट बढ़ाने के लिए बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर और पंजाब की धड़कन शहनाज गिल भी गेस्ट के रूप में शिरकत करेंगी। दर्शकों को उदित नारायण और आदित्य नारायण की खास जुगलबंदी भी देखने को मिलेगी।

कब, कहां देखें और क्या होगी प्राइज मनी?

अगर आप भी इस लाइव एक्शन का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो आज रात 8 बजे से सोनी टीवी (Sony TV) पर ट्यून इन कर सकते हैं। इसके अलावा आप इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव (Sony LIV) पर भी आसानी से देख सकते हैं। बात करें प्राइज मनी की, तो मेकर्स ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन पिछले सीजन की विनर मानसी घोष को 25 लाख रुपये और चमचमाती कार मिली थी, इसलिए इस बार भी विजेता को इतनी ही या इससे ज्यादा भारी-भरकम इनामी राशि मिलने की पूरी उम्मीद है।

Back to top button