‘E-20 पेट्रोल के खिलाफ ‘AAP’ का हल्ला बोल! केजरीवाल ने दी चेतावनी- ‘विवाद बड़ा होने से पहले सुलझाए सरकार”

NEET पेपर लीक विवाद के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार के खिलाफ एक नया मोर्चा खोल दिया है। इस बार मुद्दा है—E-20 पेट्रोल (20% एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल), जिससे गाड़ियों के माइलेज में गिरावट और इंजन में खराबी आने का दावा किया जा रहा है। केजरीवाल ने ऐलान किया है कि वह आम लोगों से मिलीं 2 लाख से ज्यादा ऑनलाइन चिट्ठियों को लेकर आगामी हफ्तों में प्रधानमंत्री आवास जाएंगे और पीएम नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे को समय रहते सुलझाने की मांग करेंगे।
शनिवार को दिल्ली में 'नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20'
अरविंद केजरीवाल ने देश भर के लोगों को इस मुद्दे पर एकजुट करने के लिए शनिवार को दोपहर 12 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ आयोजित करने की घोषणा की है।
-
कैसे जुड़ें: दिल्ली-एनसीआर के लोग इसमें सीधे शामिल हो सकते हैं, जबकि देश के अन्य हिस्सों के लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़ सकते हैं।
-
रजिस्ट्रेशन: टाउनहॉल में भाग लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर 8588833212 जारी किया गया है।
-
उद्देश्य: इस टाउनहॉल के जरिए ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स, E-20 पेट्रोल से प्रभावित वाहन चालकों और आम जनता से चर्चा की जाएगी।
केजरीवाल ने कहा, "देश के युवाओं ने दबाव बनाकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा कराया। अब मेरा प्रधानमंत्री से निवेदन है कि लगे हाथ E-20 का मुद्दा भी सुलझा दें, इससे पहले कि यह मुद्दा भी एक बड़ा जन-आंदोलन बन जाए।"
नए एंटी-पेपर लीक बिल और पुलिस कार्रवाई पर साधा निशाना
संसद में पेश हो रहे नए एंटी-पेपर लीक बिल (Anti-Paper Leak Bill) पर बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि कानून बनाना एक बात है, लेकिन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने की नीयत का होना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा, "कानून तो पहले भी बहुत थे। सीबीआई ने जिन्हें गिरफ्तार किया, उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि, अगर कोई भी कड़ा कानून लाया जाता है, तो हम उसका स्वागत करते हैं।"
वहीं, बिहार समेत अन्य राज्यों में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और दर्ज मुकदमों पर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार छात्रों के साथ वादाखिलाफी कर रही है।
पंजाब और दिल्ली के एजुकेशन मॉडल का बचाव
पंजाब में पेपर लीक के आरोपों और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए आप संयोजक ने कहा, "दिल्ली में हमारी 10 साल सरकार रही और पंजाब में 3 साल से ज्यादा समय हो गया है, कभी पेपर लीक नहीं हुआ। पंजाब में दो परीक्षा केंद्रों पर कुछ बच्चे स्मार्ट पेन से नकल करने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें तुरंत पकड़ लिया गया। 2022 से पहले पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में 27वें नंबर पर था, जो आज देश में नंबर 1 पर आ चुका है। यही बात विरोधियों को चुभ रही है।"