रामलीला में असलहा लहराकर दंगा करने वालों के लिए सीएम योगी की दो टूक, बोले- ‘माफिया को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर की धरती से विरोधियों पर जोरदार हमला बोला है। गाजीपुर में 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश में कानून का राज है और अब कोई भी उपद्रवी या माफिया रामलीला जैसे आयोजनों में असलहा लहराकर दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता, क्योंकि ऐसा करने वालों का अंजाम सिर्फ मिट्टी में मिलना ही तय है।
गाजीपुर को मिली 692 करोड़ की सौगात, एक्सप्रेसवे के विस्तार का ऐलान
गुरुवार को गाजीपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले के विकास को गति देते हुए करीब 692 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान गाजीपुर, जखनिया, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानिया, जहूराबाद और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को इन विकास कार्यों का सीधा लाभ मिलने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अब पूर्वांचल की तस्वीर बदल चुकी है। गाजीपुर से लखनऊ, काशी और गोरखपुर की यात्रा बेहद सरल हो गई है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के जरिए कनेक्टिविटी बेहतर हुई है और सरकार अब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली व वाराणसी से जोड़ते हुए शक्तिनगर तक ले जाने का काम कर रही है।
'आक्रांताओं को सम्मानित करने वाले माफिया के सामने टेकते थे नाक'
सपा और पिछली सरकारों पर करारा हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाज को बांटने वाले लोग विदेशी आक्रांताओं को सम्मानित करते थे और दुर्दांत माफिया के सामने नाक रगड़ते थे। उन्होंने कहा कि पहले माफिया की कब्रों पर जाकर फातिहा पढ़ी जाती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत अपराधियों और माफिया की कमर तोड़ दी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक कृष्णानंद राय कोद याद करते हुए कहा कि उन्होंने माफिया के खिलाफ डटकर लड़ाई लड़ी थी, लेकिन सत्ता के संरक्षण में पलने वाले तत्वों ने उनकी और सात अन्य युवाओं की निर्मम हत्या कर दी थी। आज प्रदेश में ऐसे तत्वों के लिए कोई जगह नहीं बची है।
पौहारी बाबा और महर्षि जमदग्नि की भूमि पर माफिया का कोई स्थान नहीं
लहुरी काशी के रूप में विख्यात गाजीपुर के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह पावन भूमि महर्षि जमदग्नि, भगवान परशुराम और पौहारी बाबा की तपोस्थली रही है। ऐसे पवित्र जनपद में माफिया का पनपना किसी भी कीमत पर शोभा नहीं देता। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनें जो उनकी सच्ची पैरोकारी करें, न कि ऐसे लोगों को जो अवैध असलहों के लाइसेंस बनवाने और जनता की संपत्तियों पर कब्जा करने में लिप्त रहे हों। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रनायकों का सम्मान करने वाला समाज ही हमेशा आगे बढ़ता है।