मनोरंजन

धर्मेंद्र और मनोज कुमार जिनके एक्टिंग के थे मुरीद, उस ‘ट्रेजेडी किंग’ दिलीप कुमार पर क्यों लग गया था शाहरुख खान की नकल करने का आरोप

हिंदी सिनेमा के इतिहास में जब भी अभिनय के दिग्गजों की बात आती है, तो 'ट्रेजेडी किंग' दिलीप कुमार का नाम सबसे ऊपर लिया जाता है। धर्मेंद्र से लेकर मनोज कुमार और इंडस्ट्री की कई पीढ़ियों के कलाकार उनके अभिनय के मुरीद और कायल रहे हैं। दिलीप कुमार ने अपनी अनूठी मेथड एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों के दिलों पर राज किया। उन्होंने अपने करियर में गिनी-चुनी फिल्में कीं, लेकिन उनका प्रभाव ऐसा था कि आज भी उन्हें भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा स्तंभ माना जाता है। लेकिन जरा सोचिए, जिस महान अभिनेता से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी के कलाकारों ने अभिनय की बारीकियां सीखीं, उसी लीजेंड पर कभी शाहरुख खान की नकल करने का बेतुका आरोप लग गया था। आइए जानते हैं क्या है इस चौंकाने वाले किस्से का पूरा सच।

जब नई पीढ़ी के एक युवक ने कह दी थी बेहद हैरान करने वाली बात

यह हैरान करने वाला वाकया डायरेक्टर उमेश मेहरा की फिल्म 'किला' से जुड़ा है, जो दिलीप कुमार के करियर की आखिरी रिलीज फिल्म थी। डीडी उर्दू को दिए गए एक इंटरव्यू में निर्देशक उमेश मेहरा ने उस दर्दनाक अनुभव का जिक्र किया था जब उन्हें यह अहसास हुआ कि एक लंबी गैप के बाद दर्शक इस महान अभिनेता को भूला चुके हैं।

उमेश मेहरा ने बताया कि जब फिल्म 'किला' के दौरान सिनेमाघर में इंटरवल हुआ, तो वहां बैठे एक युवा दर्शक ने जो कहा, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया था। उस लड़के ने अपने पिता से कहा कि पर्दे पर अभिनय कर रहे दिलीप कुमार असल में 'शाहरुख खान' की नकल कर रहे हैं या उन्हें कॉपी कर रहे हैं। निर्देशक ने बताया कि जब उन्होंने खुद अपने कानों से यह बात सुनी, तो उन्हें बेहद दुख हुआ कि जिस शख्स ने पूरी इंडस्ट्री को अभिनय सिखाया, आज की नई पीढ़ी उन्हें ही किसी और की नकल करने वाला समझ रही है।

दिलीप कुमार और शाहरुख खान का खास रिश्ता और सम्मान

भले ही नासमझी में उस युवा दर्शक ने दिलीप कुमार पर शाहरुख खान की नकल करने का आरोप लगा दिया हो, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट थी। शाहरुख खान खुद 'ट्रेजेडी किंग' दिलीप कुमार के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं और उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।

एक पुराने अवॉर्ड फंक्शन के दौरान शाह रुख खान ने अपने शुरुआती दिनों का एक बेहद खूबसूरत किस्सा शेयर किया था। किंग खान ने बताया था कि जब वह फिल्म इंडस्ट्री में नए-नए आए थे, तब दिलीप कुमार ने उनके गालों को प्यार से थपथपाते हुए कड़ी मेहनत करने की सलाह दी थी। शाहरुख का कहना था कि दिलीप साहब के प्यार से मारे गए उस एक थप्पड़ ने ही उन्हें हिंदी सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाने और कुछ कर दिखाने की प्रेरणा दी थी।

Back to top button