मनोरंजन

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का धांसू ट्रेलर रिलीज, पूर्वांचल से रेगिस्तान तक गद्दी के लिए बहेगी खून की नदी

OTT की दुनिया में अपनी धमाकेदार सफलता का परचम लहराने के बाद, भारत की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी अब बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। मच अवेटेड फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' (Mirzapur The Movie) का धमाकेदार और रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर रिलीज हो चुका है। इस बार भौकाल और भी बड़ा, दुनिया और भी ग्रैंड और गद्दी की जंग पूर्वांचल से लेकर रेगिस्तान तक फैलने वाली है। आइए जानते हैं कि इस नए सिनेमाई सफर में क्या कुछ खास देखने को मिलने वाला है।

पूर्वांचल से निकलकर रेगिस्तान तक पहुंचेगी गद्दी की जंग

ट्रेलर की शुरुआत एक बेहद दमदार और आइकॉनिक डायलॉग से होती है, 'गद्दी ना तो सियासत से मिलती है और ना ही विरासत से… गद्दी मिलती है बाहुबल से।' इस एक ही लाइन से साफ हो जाता है कि इस बार खेल बहुत बड़े लेवल पर खेला जाने वाला है। सत्ता और सियासत के इस खूनी खेल में नियम पुराने होंगे लेकिन दांव पहले से कहीं ज्यादा ऊंचे होंगे।

कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, 'मिर्जापुर' की दुनिया केवल पूर्वांचल तक सीमित नहीं रहती, बल्कि यह दायरा बढ़कर रेगिस्तान तक पहुंच जाता है। इस बार गद्दी के लिए नए दावेदार भी सामने आए हैं जो पुराने पावर गेम को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। कहानी में अभिनेता रवि किशन की एंट्री एक बहुत बड़ा और दिलचस्प ट्विस्ट लेकर आती है, जो पूरी कहानी का पासा पलट सकती है।

कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित की धमाकेदार वापसी

दर्शकों के चहेते और आइकॉनिक किरदार—कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी), मुन्ना भैया (दिव्येंदु) और गुड्डू पंडित (अली फजल) एक बार फिर पर्दे पर खून की नदियां बहाने और अपना भौकाल काटने के लिए लौट आए हैं। इस बार फिल्म में इन तीनों के अलावा पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंगशा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह जैसे दिग्गज सितारे एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। दर्शकों के भारी क्रेज को देखते हुए इस फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तेलुगु भाषा में भी सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी 'मिर्जापुर: द मूवी'?

मिर्जापुर फ्रेंचाइजी के इस नए और सबसे बड़े चैप्टर को देखने के लिए फैंस का इंतजार अब बस खत्म होने वाला है। 'मिर्जापुर: द मूवी' आगामी 4 सितंबर 2026 को देश भर के सिनेमाघरों में अपना भौकाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। ट्रेलर को मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने वाली है।

Back to top button