उत्तर प्रदेश

केशव का राहुल पर तंज सूप बोले तो बोले, छलनी भी बोल रही है जिसमें बहत्तर छेद

लोक भवन कैबिनेट बैठक के बाद श्री मौर्य ने राहुल गांधी पर तंज “श्री राहुल गांधी  के बारे में मैं इतना ही कहूंगा—सूप बोले तो बोले, छलनी भी बोल रही है जिसमें बहत्तर छेद।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने लंबे शासनकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। कांग्रेस लंबे समय तक देश की सत्ता में रही, लेकिन उस दौरान जाति जनगणना कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री  के नेतृत्व वाली सरकार पहली बार जाति जनगणना कराने जा रही है। यह निर्णय समाज के सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति को समझने, उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियां बनाने और सामाजिक न्याय को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद सामाजिक न्याय के लिए आवश्यक कदम नहीं उठा सके, उन्हें आज भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार द्वारा किए जा रहे निर्णयों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल का आत्ममंथन करना चाहिए।

श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा की सरकार में किसी वर्ग की उपेक्षा नहीं की जा रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि जनकल्याण और सुशासन की नीति का आधार है।

Back to top button