मनोरंजन

‘गेटरअप तो वही पुराना…’, रामायण में यश के रावण लुक पर भड़के आर्या बब्बर, आदिपुरुष में सैफ के अभिनय की जमकर की तारीफ

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' (Ramayana Part 1) इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। जब से फिल्म से कलाकारों के लुक्स सामने आए हैं, तब से फैंस के बीच इसको लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, फिल्म में 'लंकापति रावण' के रूप में नजर आने वाले सुपरस्टार यश के लुक को लेकर अब बॉलीवुड में बहस छिड़ गई है। दिग्गज अभिनेता राज बब्बर के बड़े बेटे और अभिनेता आर्या बब्बर (Arya Babbar) ने यश के इस रावण लुक पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे पुराना और दोहराव वाला करार दिया है। वहीं दूसरी ओर, उन्होंने ओम राउत की विवादित फिल्म 'आदिपुरुष' (Adipurush) में सैफ अली खान के रावण वाले किरदार का खुलकर बचाव किया है।

आदिपुरुष में सैफ अली खान के काम को बताया शानदार

एक आगामी पौराणिक नाटक 'महाबली' में खुद रावण का किरदार निभाने जा रहे आर्या बब्बर ने 'वैरायटी इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में खुलकर अपने विचार रखे। उन्होंने आदिपुरुष में सैफ अली खान की आलोचनाओं पर बात करते हुए कहा कि एक अभिनेता हमेशा अपने निर्देशक की सोच और विजन के अनुसार ही परफॉर्म करता है। उन्होंने सैफ के अभिनय की सराहना करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि सैफ ने रावण के रूप में बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने उस किरदार में एक अलग इंटेंसिटी (गंभीरता) लाने की कोशिश की थी। उनकी परफॉर्मेंस और लुक पूरी तरह से डायरेक्टर का विजन था, इसलिए इसके लिए सिर्फ एक्टर को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।"

रामायण में यश के रावण लुक पर उठाया सवाल

एक तरफ जहां आर्या ने सैफ अली खान के अभिनय की तारीफ की, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने नितेश तिवारी की 'रामायण' में यश के 'लंकापति रावण' लुक की जमकर आलोचना की। आर्या ने सवाल उठाते हुए कहा कि यश के इस लुक में कॉस्ट्यूम के अलावा कुछ भी नयापन देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "इस फिल्म में उनकी दाढ़ी (Beard) बिल्कुल वैसी ही लग रही है जैसी हमने 'केजीएफ' (KGF) में देखी थी। रामायण में उनका लुक पूरी तरह से पुराना लग रहा है। मुझे उनकी फिल्म 'टॉक्सिक' में एक अलग लुक देखने को मिला था, लेकिन यहां कुछ नया नजर नहीं आया। मैं उम्मीद करता हूं कि फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस शानदार हो, लेकिन फिलहाल उनका लुक बिल्कुल वैसा ही है जैसा हम पहले देख चुके हैं।"

कब रिलीज होगी बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण

बता दें कि लगभग 400 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बन रही नितेश तिवारी की यह भव्य फिल्म सिनेमाघरों में 5 नवंबर 2026 को दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस मेगा-बजट फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आएंगे, जबकि साउथ की लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाएंगी। इसके अलावा, फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण और कन्नड़ सुपरस्टार यश शक्तिशाली 'रावण' के रूप में बड़े पर्दे पर तहलका मचाते हुए दिखाई देंगे।

Back to top button