ये 5 सर्दियों की सब्जियां आपके चेहरे पर निखार लाएंगी, जानिए इन्हें इस्तेमाल करने का सही तरीका

चुकंदर: चुकंदर में कई एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो त्वचा को गुलाबी निखार देने में मदद करते हैं। इसी कारण बाजार में चुकंदर का पाउडर फेस पैक के रूप में भी उपलब्ध है। आप इसका पेस्ट बनाकर उसमें दही मिलाकर चेहरे पर लगा सकते हैं। चाहें तो इसका रस भी चेहरे पर लगा सकते हैं। यह फेस पैक त्वचा को नमी प्रदान करके उसे मुलायम बनाने में भी सहायक होता है।

खीरा: खीरा त्वचा को ठंडक पहुंचाकर ताजगी का एहसास देता है। इसके रस को रुई की मदद से चेहरे पर लगाया जा सकता है। इसके अलावा, खीरे के रस में चंदन पाउडर और हल्दी मिलाकर फेस पैक भी बनाया जा सकता है। कद्दूकस किया हुआ खीरा आंखों पर रखने से ठंडक मिलती है और आंखों की थकान दूर होती है। यह डार्क सर्कल्स को रोकने में भी मददगार हो सकता है।

टमाटर: अगर टैनिंग की वजह से त्वचा की चमक फीकी पड़ गई है, तो टमाटर फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद विटामिन सी, लाइकोपीन और प्राकृतिक अम्ल त्वचा को साफ करने में मदद करते हैं। इससे मृत त्वचा कोशिकाएं और अतिरिक्त तेल कम होते हैं। इसीलिए इसे दाग-धब्बे, मुंहासे, पिगमेंटेशन और टैनिंग को कम करने और त्वचा में चमक लाने में सहायक माना जाता है। आप टमाटर को सीधे चेहरे पर लगा सकते हैं या इसमें एक चुटकी हल्दी मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।

आलू: आलू के टुकड़ों से चेहरे की मालिश की जा सकती है या रुई की मदद से इसका रस चेहरे पर लगाया जा सकता है। यह दाग-धब्बे और टैनिंग कम करने और प्राकृतिक चमक लाने में भी सहायक माना जाता है। इसका उपयोग त्वचा का रंग साफ करने के लिए भी किया जाता है। यदि चेहरे पर मृत त्वचा कोशिकाएं हैं, तो चावल के आटे और एलोवेरा के साथ आलू का रस मिलाकर लगाया जा सकता है।

गाजर: गाजर विटामिन ए से भरपूर सब्जी है। इसे खाने से न केवल त्वचा स्वस्थ रहती है, बल्कि इसे चेहरे पर भी लगाया जा सकता है। गाजर को भाप में पकाकर मसल लें और दही में मिलाकर चेहरे पर लगाएं। इससे टैनिंग कम करने और त्वचा की गहरी सफाई में मदद मिलती है। गाजर को कद्दूकस करके उसका रस भी चेहरे पर लगाया जा सकता है। इससे चेहरे की खोई हुई चमक वापस लाने में मदद मिलती है।