अधिकारियों को फटकार, जनशिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं : श्री केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद जालौन में जनपदस्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जनसमस्याओं के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कराए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए और कार्यों की नियमित निगरानी भी की जाए।
श्री मौर्य ने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से पात्र लाभार्थियों के चयन, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लाभ वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरल बनाने पर जोर दिया। उप मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई एवं जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारी शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए, ताकि जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।