नारी शक्ति को नया अधिकार 33 प्रतिशत आरक्षण एवं लोकसभा-विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि प्रस्ताव हेतु प्रधानमंत्री जी का आभार: केशव प्रसाद

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज 7 कालिदास मार्ग, लखनऊ स्थित आवास पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 27 नवंबर 2026 को 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिया जाना विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक एवं युगांतकारी कदम है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण, लोकसभा तथा विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि और वर्ष 2051 तक राज्यों के प्रतिनिधित्व का वर्तमान अनुपात सुरक्षित रखने का यह निर्णय लोकतांत्रिक सशक्तिकरण, नारी शक्ति और संघीय संतुलन को नई मजबूती प्रदान करेगा। श्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से वे इस दूरदर्शी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में समुचित प्रतिनिधित्व मिलने के मार्ग में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने हमेशा अवरोध उत्पन्न किया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने के बाद भी जिन दलों ने संसद के विशेष सत्र में विरोध किया, उन्हें देश की मातृशक्ति अवश्य याद रखेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 की जनगणना की प्रतीक्षा किए बिना 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाते हुए वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव के साथ महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया लागू होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा और विधानसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि होगी। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 तथा संविधान के अनुच्छेद 170 में संशोधन कर विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। इसके तहत उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर लगभग 605 हो जाएंगी। प्रदेश को 40 अतिरिक्त सांसद और लगभग 202 अतिरिक्त विधायक मिलेंगे, जिससे महिलाओं के लिए लगभग 40 लोकसभा व लगभग 202 विधानसभा सीटें आरक्षित हो सकेंगी। महिलाओं के लिए आरक्षण में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए भी आरक्षण की व्यवस्था रहेगी और दलितों, पिछड़ों, वंचितों, महिलाओं तथा युवाओं को आगे आने के अधिक अवसर मिलेंगे।
अंत में उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलना इसी संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रस्ताव संसद की संवैधानिक प्रक्रिया से आगे बढ़कर देश में लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को व्यापक बनाने, नारी शक्ति को नई भूमिका प्रदान करने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।