IND A vs AFG A: भारत की ‘विराट’ जीत: अफगानिस्तान को 101 रनों से धोया, फाइनल की रेस में सबसे आगे तिलक वर्मा की सेना

ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले में टीम इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को एकतरफा मुकाबले में 101 रनों से हराकर खिताबी उम्मीदों को पंख लगा दिए हैं। बुधवार (17 जून) को खेले गए इस मैच में कप्तान तिलक वर्मा के नेतृत्व में भारतीय शेरों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी—दोनों क्षेत्रों में अपना दबदबा कायम रखा। इस जीत के साथ इंडिया-ए प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है और अब फाइनल का रास्ता काफी हद तक साफ होता नजर आ रहा है।
तिलक और मध्यक्रम का दमदार प्रदर्शन
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 319 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को संभालने का जिम्मा कप्तान तिलक वर्मा ने खुद उठाया और 75 गेंदों में 59 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनका भरपूर साथ प्रियांश आर्य और कुमार कुशाग्र ने दिया, जिन्होंने अर्धशतकीय पारियां (58-58 रन) खेलकर टीम को मजबूती दी। हालांकि, टीम के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वैभव ने तेज शुरुआत करते हुए 38 रन तो बनाए, लेकिन वह इसे लंबे स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। सीरीज के चार मैचों में वैभव अब तक कोई अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं, जो टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का सबब हो सकता है।
निशांत सिंधु की फिरकी में फंसी अफगानिस्तान
320 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान-ए की पूरी टीम 36.5 ओवर में महज 218 रनों पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजी का मोर्चा संभालते हुए निशांत सिंधु ने अफगानिस्तान की कमर तोड़ दी और शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनका साथ यश ठाकुर ने बखूबी दिया, जिन्होंने 2 विकेट झटके। अफगानिस्तान के लिए बाहिर शाह ने संघर्ष करते हुए 57 रनों की पारी खेली, लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सका। भारत के बाकी गेंदबाजों—अनुकूल रॉय, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम और अंशुल कंबोज—ने भी अनुशासित गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट अपने नाम किया।
फाइनल की रेस का 'गणित'
इस जीत के बाद टीम इंडिया प्वाइंट्स टेबल में 4 अंकों और +0.797 के बेहतरीन नेट रनरेट के साथ शीर्ष पर काबिज है। लीग स्टेज के अपने सभी चार मुकाबले खेलने के बाद अब भारत की निगाहें श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच होने वाले आखिरी मैच पर टिकी हैं। यदि श्रीलंका जीतती है, तो फाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच होगा। वहीं, अगर अफगानिस्तान बाजी मारती है, तो तीनों टीमों के अंक बराबर हो जाएंगे, जिसके बाद 'नेट रनरेट' के आधार पर फाइनल की दो टीमें तय होंगी। फिलहाल, नेट रनरेट के मामले में भारत काफी मजबूत स्थिति में है और फाइनल का टिकट पक्का माना जा रहा है।