TRAI Spam Call Rules: मोबाइल यूजर्स ध्यान दें! अब इन 2 खास सीरीज वाले नंबर्स को नहीं कर पाएंगे ब्लॉक, जानें नया नियम

स्मार्टफोन यूजर्स के लिए एक बेहद जरूरी खबर है. अगर आप भी अनजान नंबर्स से आने वाली कॉल्स को तुरंत ब्लॉक या स्पैम मार्क कर देते हैं, तो अब आपको अपनी यह आदत बदलनी होगी. भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने साफ किया है कि 1600 नंबर सीरीज से आने वाली कॉल्स को कोई भी कॉलर आईडी ऐप या यूजर ब्लॉक, टैग या फिल्टर नहीं कर सकता है.
नियामक के अनुसार, यह नंबर सीरीज पूरी तरह सुरक्षित और जरूरी सेवाओं के लिए आरक्षित है, इसलिए इन्हें स्पैम की केटेगरी में नहीं डाला जा सकता.
1600 नंबर सीरीज क्यों है इतनी खास? (Why 1600 Series is Important)
TRAI के मुताबिक, 1600 नंबर सीरीज को विशेष रूप से केंद्र व राज्य सरकारों और वित्तीय रेगुलेटेड संस्थाओं (जैसे बैंक और बीमा कंपनियां) की जरूरी सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़ी कॉल्स के लिए तय किया गया है. इस सीरीज से आने वाले फोन कॉल्स में आपकी बैंकिंग, सरकारी योजनाओं या अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़ी जरूरी जानकारियां हो सकती हैं. इसलिए सिर्फ नंबर देखकर इसे स्पैम मानने के बजाय, कॉल उठाकर उसका उद्देश्य समझना आपके लिए फायदेमंद रहेगा.
140 नंबर सीरीज और DND के नियम (Rules for 140 Series & DND)
इसके साथ ही TRAI ने 140 नंबर सीरीज को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है. यह सीरीज सिर्फ रजिस्टर्ड टेलीमार्केटर्स की प्रमोशनल कॉल्स के लिए इस्तेमाल होती है. इन कॉल्स को भी कोई ऐप फ्रॉड या स्पैम के तौर पर टैग नहीं कर सकता.
हालांकि, अगर आप इस तरह की प्रमोशनल कॉल्स से परेशान हैं और इन्हें रोकना चाहते हैं, तो आप Do Not Disturb (DND) Registry में अपनी पसंद दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए यूजर TRAI DND App या अन्य आधिकारिक माध्यमों से अपनी DND प्राथमिकता को आसानी से सेट कर सकते हैं, जिसके बाद चुनिंदा सेक्टर्स की कमर्शियल कॉल्स आनी बंद हो जाएंगी.
Truecaller का बड़ा दावा (Truecaller Data on Unanswered Calls)
दूसरी तरफ, मशहूर कॉलर आईडी ऐप ट्रूकॉलर (Truecaller) के CEO ऋषित झुनझुनवाला ने एक चौंकाने वाला दावा किया है. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ समय में 140 और 1600 नंबर सीरीज से आने वाली कॉल्स में भारी बढ़ोतरी देखी गई है.
कंपनी का दावा है कि इन दोनों सीरीज से आने वाली करीब 5.1 करोड़ कॉल्स हर दिन लोग उठाते ही नहीं हैं (Unanswered रहती हैं). इसके अलावा, अक्टूबर 2025 के बाद से 1600 सीरीज की कॉल्स को यूजर्स द्वारा मैन्युअली ब्लॉक करने के मामलों में 208% का उछाल आया है और पिछले आठ महीनों में इन नंबरों के खिलाफ 7.4 करोड़ से ज्यादा ब्लॉकिंग एक्शन दर्ज किए गए हैं.