पटरियों पर दौड़ी धड़कती जिंदगी! पहली बार वंदे भारत ट्रेन से सूरत से अहमदाबाद पहुंचाया गया ‘लाइव डोनर हार्ट’, देखें कैसे बची जान

स्वास्थ्य सेवा और मानव जीवन को बचाने के क्षेत्र में भारतीय रेलवे ने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जिस पर हर देशवासी को गर्व होगा। भारत में पहली बार ट्रेन के माध्यम से किसी 'लाइव डोनर हार्ट' (जीवित दिल) को एक शहर से दूसरे शहर सुरक्षित पहुंचाया गया है। इस बेहद संवेदनशील और अनोखे लाइफसेविंग मिशन को मुंबई सेंट्रल-गांधीनगर कैपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए सफलतापूपर्वक अंजाम दिया गया। इस दिल को सूरत से निकालकर अहमदाबाद लाया गया, जहां यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में मरीज के सफल ट्रांसप्लांट के लिए इसे वक्त पर डिलीवर कर दिया गया।
टाइम-बाउंड और बेहद संवेदनशील था यह पूरा मेडिकल ऑपरेशन
जैसा कि हम सब जानते हैं कि अंग प्रत्यारोपण (Organ Transplant) एक बेहद समय-संवेदनशील प्रक्रिया होती है, जहां एक-एक मिनट और एक-एक सेकंड की कीमत होती है। इस ऑपरेशन को समय पर पूरा करने के लिए भारतीय रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), गुजरात राज्य पुलिस और मेडिकल टीमों के बीच अचूक और बिना किसी रुकावट के तालमेल की सख्त जरूरत थी।
जैसे ही ट्रेन अहमदाबाद के करीब पहुंची, यह सुनिश्चित करने के लिए कि ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में जरा भी देरी न हो, रेलवे सुरक्षा बल और गुजरात पुलिस ने मिलकर अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से सीधे यूएन मेहता अस्पताल तक एक 'ग्रीन कॉरिडोर' तैयार कर दिया। इस पुख्ता इंतजाम ने दिल को अस्पताल तक कम से कम समय में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
रेलवे और पुलिस के बेहतरीन तालमेल ने पेश की मिसाल
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बात करते हुए अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) वेद प्रकाश ने कहा कि यह भारतीय रेलवे के लिए बेहद गर्व और संतोष का क्षण है। वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से सूरत से अहमदाबाद तक लाइव डोनर हार्ट का सफल परिवहन यह साबित करता है कि रेलवे अब केवल पारंपरिक यात्री और माल ढुलाई तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सेवा और मानवता के लिए किसी भी आपात स्थिति से निपटने को तैयार है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे जीवनरक्षक मिशनों में हर एक मिनट बहुत कीमती होता है। रेलवे, आरपीएफ, राज्य पुलिस और मेडिकल टीमों का उत्कृष्ट समन्वय ही इस मिशन की सफलता की असली ताकत बना।
वंदे भारत की रफ्तार और विश्वसनीयता ने जीता दिल
इस पूरी घटना ने एक बार फिर देश की आधुनिक ट्रेन 'वंदे भारत एक्सप्रेस' की गति, समय की पाबंदी और अटूट विश्वसनीयता को साबित कर दिया है। यह मिशन इस बात का जीता-जागता उदाहरण है कि कैसे भारत का आधुनिक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर देश के आपातकालीन स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में एक गेम-चेंजर साबित हो सकता है। भारतीय रेलवे ने इस चुनौतीपूर्ण मिशन को सफल बनाने वाले सभी पुलिसकर्मियों, डॉक्टरों, अंग प्रत्यारोपण समन्वयकों और रेलवे अधिकारियों के प्रयासों की जमकर सराहना की है।