मनोरंजन

गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा ‘हीरो की हॉररिन’ से करेंगे बॉलीवुड डेब्यू, ‘लापता लेडीज’ फेम एक्ट्रेस आएंगी नजर

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा (Yashvardhan Ahuja) आखिरकार फिल्मी दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। यशवर्धन जल्द ही हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'हीरो की हॉररिन' (Hero Ki Horrorine) के जरिए बड़े पर्दे पर अपना एक्टिंग डेब्यू करने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ कई जाने-माने कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

कब रिलीज होगी फिल्म और कौन है स्टार कास्ट?

साजिद खान द्वारा निर्देशित इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म को बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के बैनर तले तैयार किया गया है, जिसे शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अमर बुटाला ने प्रोड्यूस किया है। निर्माताओं के ऐलान के मुताबिक, यह फिल्म 7 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म में यशवर्धन आहूजा के साथ मुख्य अभिनेत्री के तौर पर बहुचर्चित फिल्म 'लापता लेडीज' से अपनी खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री नितांशी गोयल नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में जेमी लीवर, चंकी पांडे, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर रंधावा जैसे बेहतरीन कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

गोविंदा और सुनीता आहूजा की चर्चा के बीच बड़ा ऐलान

यह घोषणा ऐसे समय पर आई है जब पिछले कुछ दिनों से गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा और अनबन की खबरें चल रही हैं। इस बीच बेटे यशवर्धन के आधिकारिक डेब्यू की तारीख सामने आने के बाद फैंस में उत्साह का माहौल है। एकता कपूर इससे पहले भी कई सफल हॉरर-कॉमेडी प्रोजेक्ट्स लेकर आ चुकी हैं, और उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म दर्शकों को डराने के साथ-साथ भरपूर हंसाने में भी कामयाब होगी।

Back to top button