जनता दर्शन में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मैनपुरी एवं फर्रुखाबाद प्रस्थान से पूर्व लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के समुचित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्री मौर्य ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन जनता की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य पीड़ित व्यक्ति को राहत पहुंचाना और उसकी समस्या का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को चाहिए कि रोजगार एवं युवा कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र युवाओं तक पहुंचाएं तथा कौशल विकास, रोजगार मेलों और स्वरोजगार कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराएं।
उप मुख्यमंत्री ने विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन के पात्र लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन उपलब्ध कराने तथा पात्र व्यक्तियों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने और उन्हें योजना के तहत अनुमन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।
श्री मौर्य ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। अधिकारी जमीनी स्तर पर योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करें और जहां भी कोई समस्या सामने आए, उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। जनहित के कार्यों में लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। सभी अधिकारी जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन को समय पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।