‘मुझे विदा करो…’, मशहूर कंपोजर-सिंगर अमाल मलिक ने लिया फिल्मों से ब्रेक, फैंस से की खास गुजारिश

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक लंबा-चौड़ा और भावुक नोट शेयर करते हुए अमाल मलिक ने लिखा कि वे इस बार पूरी तरह से वही करेंगे जो उनके दिल और सेहत के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उन्हें अपने मन, शरीर, आत्मा और संपूर्ण शारीरिक स्वास्थ्य को ठीक करने के लिए एक लंबे ब्रेक की सख्त आवश्यकता है। अमाल ने अपने फैंस को आश्वस्त करते हुए लिखा कि वे पूरी तरह ठीक हैं, लेकिन उन्हें कुछ समय के लिए खुद को समय देने की जरूरत है ताकि वे स्वस्थ होकर और भी अधिक मधुर गीतों के साथ दोबारा वापसी कर सकें।
अगले साल तक फिल्मों के लिए नहीं बनाएंगे नए गाने
अपने इस सोशल मीडिया पोस्ट में अमाल ने स्पष्ट किया कि वे आने वाले समय और अगले साल तक फिल्मों के लिए कोई नया संगीत तैयार नहीं करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिन फिल्मों के प्रोजेक्ट्स पर उन्होंने पहले काम किया है और जो अभी तक रिलीज नहीं हुए हैं, वे गाने समय के साथ आ सकते हैं। चूंकि ये कम बजट की और अच्छे इरादों से बनी फिल्में हैं जिन्हें आसानी से स्क्रीन्स नहीं मिल पातीं, इसलिए उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इन प्रोजेक्ट्स के भविष्य को लेकर अभी निश्चित नहीं हैं।
'अब मुझे विदा करो, मैं वापस आऊंगा'
अपने फैंस से हाथ जोड़कर विशेष अनुरोध करते हुए अमाल मलिक ने लिखा, "कृपया आप सभी से विनम्र निवेदन है कि मुझे और परेशान न करें। जैसे ही मुझे स्थिति के बारे में पता चलेगा, मैं खुद आप सभी को अपडेट दूंगा।" उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए लिखा कि संगीत से सिनेमा तक का यह सफर उन्हें काफी दूर ले आया है, लेकिन अब वे वापस अपनी जड़ों की तरफ लौट रहे हैं। अपने नोट के अंत में उन्होंने बेहद भावुक अंदाज में लिखा, "अब मुझे विदा करो, मैं वापस आऊंगा।" अमाल के इस एलान के बाद से सोशल मीडिया पर उनके फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।