मेलबर्न में ‘मोदी-मोदी’ की गूंज: पीएम मोदी के स्वागत में बजा ऑस्ट्रेलिया का प्राचीन वाद्ययंत्र, कत्थक और ‘मां तुझे सलाम’ से भाव-विभोर हुए प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की राजकीय यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया के शहर मेलबर्न पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर ऑस्ट्रेलियाई सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद होटल पहुंचने पर भारतीय प्रवासियों ने "मोदी-मोदी" और "वंदे मातरम" के नारों से पूरे माहौल को गुंजायमान कर दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया 'X' पर लिखा, "मेलबर्न का मौसम भले ही ठंडा हो, लेकिन भारतीय समुदाय से मिले स्वागत की गर्मजोशी अविस्मरणीय रही।"
डिजेरिडू और तबले के जुगलबंदी ने जीता पीएम का दिल
मेलबर्न में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया की संस्कृतियों का एक बेहद अनोखा फ्यूजन संगीत पेश किया गया। कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासियों (एबोरिजिनल) द्वारा विकसित किए गए प्राचीन वाद्ययंत्र 'डिजेरिडू' (Didgeridoo) और भारतीय 'तबले' की बेहद शानदार जुगलबंदी (संगत) देखने को मिली। दोनों कालजयी वाद्ययंत्रों के बीच के इस तालमेल को पीएम मोदी ने दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक बताया और कलाकारों— रॉन मरे व सैम इवांस की जमकर तारीफ की।
वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति
स्वागत समारोह में 'ऑस्ट्रेलियन-इंडियन 10-पीस सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा' ने एआर रहमान के मशहूर गीत ‘मां तुझे सलाम’ की दिल छू लेने वाली प्रस्तुति दी। इसके साथ ही ऑर्केस्ट्रा ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की गजब की धुन बजाई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह परफॉर्मेंस 'वंदे मातरम' की वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाती है, विशेषकर ऐसे समय में जब हम इसकी 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। संगीत हमारे देशों के द्विपक्षीय और मानवीय रिश्तों को और मजबूत करता है।
'असतो मा सद्गमय' से 'शिव तांडव' तक कत्थक का जादू
सांस्कृतिक कार्यक्रम की सबसे बड़ी यूएसपी मेलबर्न की मशहूर डांसर संचिता अब्रोल की अगुवाई में की गई कत्थक नृत्य की प्रस्तुति रही। संचिता और उनकी टीम ने नृत्य के जरिए एक गहरी आध्यात्मिक यात्रा को मंच पर उतारा। इसकी शुरुआत वैदिक मंत्र ‘असतो मा सद्गमय’ से हुई, जिसके बाद भगवान शिव के ब्रह्मांडीय नृत्य (सृष्टि, विनाश और पुनर्निर्माण) के प्रतीक 'शिव तांडव' की शक्तिशाली प्रस्तुति दी गई। इस मंत्रमुग्ध कर देने वाले कत्थक डांस का समापन ‘ओम नमः शिवाय’ के पावन उच्चारण के साथ हुआ, जिसे देख पीएम मोदी भाव-विभोर हो गए।
द्विपक्षीय वार्ता के बाद न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बानीज (Anthony Albanese) के साथ तीसरे वार्षिक भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन (Annual Summit) की सह-अध्यक्षता करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Strategic Partnership) को रक्षा, व्यापार और तकनीक के क्षेत्र में और मजबूत करने पर द्विपक्षीय बातचीत होगी। ऑस्ट्रेलिया का अपना यह अहम दौरा पूरा करने के बाद पीएम मोदी अपनी यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।