लखनऊ में रीयल एस्टेट कारोबारी के 3 मंजिला मकान में भीषण आग खिड़की पर खड़े होकर चीख रहे थे मासूम बच्चे,

News India Live, Digital Desk : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 की तड़के एक रीयल एस्टेट कारोबारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कानपुर रोड स्थित दरोगा खेड़ा इलाके में हुई इस घटना के दौरान घर के दूसरे तल पर सो रहे कारोबारी, उनकी पत्नी और बच्चों समेत परिवार के 7 लोग आग की लपटों और धुएं के बीच फंस गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मुख्य द्वार से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और खिड़की पर सीढ़ी लगाकर सभी को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।शार्ट सर्किट ने मचाई तबाही, नींद में था परिवार प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीयल एस्टेट कारोबारी अजय रस्तोगी दरोगा खेड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित ‘पार्थ रिपब्लिक’ नाम की अपनी तीन मंजिला इमारत में रहते हैं। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे घर के नीचे के हिस्से में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। जब तक परिवार को कुछ समझ आता, आग की लपटें दूसरे माले तक पहुंच गईं और पूरे घर में जहरीला काला धुआं भर गया। आग और तपिश के कारण जब परिवार की नींद खुली, तो उन्होंने खुद को मौत के घेरे में पाया।खिड़की पर खड़े होकर बच्चों ने मचाई चीख-पुकार आग इतनी भयानक थी कि सीढ़ियों और मुख्य गेट से निकलना नामुमकिन हो गया। कारोबारी अजय रस्तोगी, पत्नी अनीता, बेटी शीतल, बेटे विनायक, भतीजी तन्नू और 6 वर्षीय मासूम विरानिका खिड़की के पास खड़े होकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। अफरा-तफरी के बीच परिवार के लोग जान बचाने के लिए ऊपर से कूदने को भी तैयार थे। इसी बीच सरोजनीनगर पुलिस और फायर स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सीढ़ी लगाकर खिड़की के रास्ते सभी को रेस्क्यू किया।3 घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू आग की भयावहता को देखते हुए हजरतगंज फायर स्टेशन से हाईड्रोलिक प्लेटफार्म भी मंगवाया गया। सीएफओ अंकुश मित्तल और फायर फाइटर्स की टीम ने ब्रीदिंग अपरेटस (BA सेट) पहनकर इमारत के अंदर प्रवेश किया और करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे में परिवार की एक सदस्य तन्नू घबराकर नीचे कूद गई थी, जिससे उसके पैर में मामूली चोट आई है, जबकि परिवार के बाकी सदस्य और उनका पालतू कुत्ता सुरक्षित हैं।सावधानी ही है सबसे बड़ा बचाव सीएफओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट नजर आ रही है। उन्होंने अपील की है कि गर्मियों के मौसम में बिजली के उपकरणों और वायरिंग की जांच कराते रहें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।