सुपरहिट गाना दिया, फिर भी मॉल में की सफाई! 4 नौकरियां करने को मजबूर थे गिप्पी ग्रेवाल; सुनाया संघर्ष का खौफनाक दौर

'कैरी ऑन जट्टा 4' जैसी सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी के जरिए पंजाबी सिनेमा में तहलका मचाने वाले सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल (Gippy Grewal) की सफलता के पीछे की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। आज लग्जरी लाइफ और करोड़ों की कमाई करने वाले गिप्पी ने हाल ही में अपने उस दौर को याद किया, जब एक हिट गाने के बावजूद उन्हें पेट पालने के लिए संघर्ष की आग में तपकर निकलना पड़ा था।
सुपरहिट गाना देने के बाद भी 4 नौकरियां
गिप्पी ग्रेवाल ने एक पॉडकास्ट के दौरान अपने कनाडा के उन दिनों का जिक्र किया, जब वे सर्वाइवल मोड पर थे। अभिनेता ने बताया कि अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने 3 से 4 नौकरियां एक साथ की थीं। उनकी दिनचर्या इतनी कठिन थी कि सुबह के 4 बजे घर पहुंचते थे, और फिर पत्नी रवनीत के साथ मिलकर न्यूजपेपर बांटने निकल जाते थे। संघर्ष का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि घर चलाने के लिए वे एक साथ सिक्योरिटी गार्ड, न्यूजपेपर डिलीवरी और मॉल में क्लीनिंग जैसे काम करते थे।
मॉल में सफाई से लेकर फूड कोर्ट में ट्रे उठाने तक का सफर
गिप्पी ग्रेवाल ने उन कठिन दिनों की कमाई का ब्योरा साझा करते हुए कहा कि उस वक्त उन्हें मॉल में क्लीनिंग की जॉब से 13 डॉलर और अन्य कामों से करीब 8 डॉलर मिलते थे। उनकी पत्नी भी सुबह 6 से शाम 4 बजे तक काम करने के बाद सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करती थीं। उन्होंने बताया, "शाम को हम 2-3 घंटे मॉल में काम करते थे, जहां मेरी पत्नी फूड कोर्ट में लोगों की ट्रे पिक करती थी और मैं सफाई का काम करता था।" यह वह समय था जब गिप्पी ने अपनी दूसरी एल्बम निकालने के लिए दिन-रात एक कर दिए थे।
परिवार के साथ मिलकर जीती संघर्ष की जंग
गिप्पी ने बताया कि इन कठिन हालातों में भी उनके अंदर जुनून कम नहीं हुआ। वे और उनकी पत्नी रवनीत, जिनकी शादी 2007 में हुई थी, कंधे से कंधा मिलाकर काम करते थे। वे दोनों आज उस दौर को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा 'लाइफ लेसन' मानते हैं। गिप्पी ग्रेवाल का यह प्रेरणादायक सफर उन युवाओं के लिए एक बड़ा उदाहरण है जो रातों-रात सफलता चाहते हैं। आज जब गिप्पी अपनी फिल्म 'कैरी ऑन जट्टा 4' में सरगुन मेहता के साथ धमाका करने को तैयार हैं, तो उनके संघर्ष की यह कहानी उनके फैंस को और भी भावुक कर रही है।