300 मिलियन व्यूज और कैटरीना कैफ का वो डांस: ‘धूम 3’ के इस गाने का आज भी है जलवा

बॉलीवुड में कुछ गाने सिर्फ सुनने के लिए नहीं, बल्कि अपने आइकॉनिक विजुअल्स और डांस स्टेप्स के लिए अमर हो जाते हैं। ऐसा ही एक ब्लॉकबस्टर ट्रैक साल 2013 में आया था, जिसने रिलीज होते ही तहलका मचा दिया था और आज 13 साल बाद भी शादियों, पार्टियों और इंस्टाग्राम रील्स पर इसका क्रेज रत्ती भर भी कम नहीं हुआ है। यशराज फिल्म्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर 300 मिलियन (30 करोड़) से ज्यादा व्यूज बटोर चुका यह कल्ट सॉन्ग आज की नई जनरेशन को भी थिरकने पर मजबूर कर देता है।
कैटरीना कैफ के हैरतअंगेज स्टेप्स और सुनिधि चौहान की कड़क आवाज
हम बात कर रहे हैं फिल्म 'धूम 3' के सुपरहिट गाने ‘कमली’ की। इस गाने में कैटरीना कैफ ने अपनी बेहतरीन फ्लेक्सिबिलिटी और एक्रोबैटिक डांस मूव्स से हर किसी को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया था। आमिर खान की मौजूदगी वाले इस गाने को सिंगर सुनिधि चौहान ने अपनी दमदार आवाज से सजाया था, जबकि इसका शानदार सूफियाना और पंजाबी मिक्स म्यूजिक कंपोजर प्रीतम ने तैयार किया था। अमिताभ भट्टाचार्य के लिखे बोल ‘नि में कमली कमली’ आज भी हर म्यूजिक लवर की जुबान पर चढ़े हुए हैं।
175 करोड़ का बजट और 550 करोड़ की ऐतिहासिक कमाई
यह धमाकेदार डांस नंबर साल 2013 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'धूम 3' का मुख्य आकर्षण था। विजय कृष्ण आचार्य के निर्देशन और आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में आमिर खान, कैटरीना कैफ, अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा मुख्य भूमिकाओं में थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 175 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाते हुए दुनियाभर में 550 करोड़ रुपये से ज्यादा का रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन किया था।