उत्तर प्रदेश

वीबी जी राम जी योजना से ग्राम पंचायत में परकोलेशन टैंक का निर्माण कराया जाए, केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि VB-G RAM G के अंतर्गत संचालित विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत परकोलेशन टैंक (रिसाव तालाब) का निर्माण जल सुरक्षा के लिए अनुमन्य एवं अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे प्रत्येक पात्र ग्राम पंचायत में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित जीवन की आधारशिला है। जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा तथा लगातार घटते भूजल स्तर को देखते हुए वर्षा जल का संरक्षण और भूजल पुनर्भरण अत्यंत आवश्यक हो गया है। ऐसे में परकोलेशन टैंक प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का एक प्रभावी, टिकाऊ एवं वैज्ञानिक माध्यम सिद्ध हो रहे हैं।

 

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहां वर्षा जल का अधिकतम संचयन संभव हो तथा परकोलेशन टैंक के निर्माण से भूजल स्तर में प्रभावी सुधार लाया जा सके। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य का नियमित निरीक्षण किया जाए और योजना के उद्देश्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Back to top button