102 टीएचआर प्लांट मुनाफे में, समस्त 202 प्लांटों को मुनाफे में लाने के निर्देश : केशव प्रसाद मौर्य

श्री मौर्य ने कहा कि मिशन के अंतर्गत संचालित टीएचआर प्लांटों की समीक्षा में 102 प्लांट लाभ की स्थिति में पाए गए हैं। शेष 202 प्लांटों को भी मुनाफे की ओर ले जाना आवश्यक है। केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित सभी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाते हुए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं।
इसके लिए संबंधित अधिकारी प्रत्येक प्लांट की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता, लागत और विपणन व्यवस्था की समीक्षा करें तथा कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने कहा कि इन प्लांटों की सफलता से महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, दुग्ध उत्पादन और विभिन्न लघु उद्यमों से जुड़कर अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं। इससे उनके जीवन स्तर में सुधार, बच्चों की शिक्षा, परिवार की बेहतर देखभाल तथा सामाजिक सम्मान में वृद्धि हो रही है।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बैंक ऋण, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का उद्देश्य केवल महिलाओं को समूहों से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें सफल उद्यमी बनाकर आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार तैयार करना है। प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।