श्रृंगवेरपुर में होगा भव्य दीपोत्सव, लालकृष्ण आडवाणी के दीर्घायु होने की कामना की, केशव मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज कौशांबी में प्रेस वार्ता के दौरान दीपावली के पावन पर्व पर देश एवं प्रदेशवासियों, प्रयागराज और कौशांबी के नागरिकों सहित विदेशों में रह रहे भारतीयों को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्री गणेश और मां लक्ष्मी से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
श्री मौर्य ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भारत रत्न श्रद्धेय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी के जन्मदिन पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि आडवाणी जी के त्याग, तपस्या और संगठन के प्रति समर्पण ने भारतीय जनता पार्टी को मजबूत आधार प्रदान किया है। उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद पार्टी कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। उनके आशीर्वाद से देश के अन्य राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में आयोजित भव्य एवं दिव्य दीपोत्सव कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस बार तीन दिवसीय आयोजन ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्रीराम से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को भव्यता के साथ जनमानस के सामने प्रस्तुत किया है। भगवान श्रीराम लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने से पूर्व महर्षि भारद्वाज के आश्रम आए थे और इसके बाद अपने सखा निषादराज से मिलने श्रृंगवेरपुर पहुंचे थे। इन पवित्र स्थलों पर दीपोत्सव का आयोजन गौरवपूर्ण पहल है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में इससे भी अधिक भव्य और दिव्य आयोजन किया जाएगा।